इन राशन कार्ड धारकों को मिलेगी 18 रुपए में चीनी

Wednesday, Aug 09, 2017 - 04:35 PM (IST)

बिलासपुर: राज्य के गरीबी की रेखा से नीचे रहने वाले लोगों को सस्ते राशन के तहत मिलने वाली चीनी की नई दरें तय कर दी गई हैं। प्रदेश सरकार ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है। प्रदेश सरकार की नई अधिसूचना के तहत अब बी.पी.एल. परिवारों के अतिरिक्त अंत्योदय व प्राथमिक गृहस्थी राशन कार्ड धारकों को चीनी 18 रुपए प्रति किलोग्राम के हिसाब से देने का निर्णय लिया है। प्रदेश सरकार की इस अधिसूचना के बाद इस वर्ग से जुड़े लाखों कार्ड धारकों को लाभ होगा। इससे पहले प्रदेश सरकार ने बी.पी.एल. को छोड़कर अन्य सभी कार्ड धारकों को 29 रुपए प्रति किलोग्राम के हिसाब से चीनी देने का निर्णय लिया था तथा जिला के सभी डिपुओं में चीनी का कोटा भी भेज दिया था। 


जिला में एक लाख 9 हजार 53 राशन कार्ड धारक
जिला में एक लाख 9 हजार 53 राशन कार्ड धारक हैं। इनमें ए.पी.एल. कार्ड धारक 60,526 हैं। बी.पी.एल. के 17,565, अंत्योदय के 12,315 और प्राथमिक गृहस्थी के 18,657 कार्ड धारक हैं। इनमें से केवल अंत्योदय कार्ड धारकों को ही 18 रुपए किलोग्राम के हिसाब से चीनी मिलेगी जबकि अन्य को 29 रुपए किलोग्राम के हिसाब से चीनी का कोटा मिलेगा। 


इसी माह से मिलेगी सस्ती चीनी
जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक खेम सिंह ठाकुर ने कहा कि जिला में इस माह से सस्ते राशन के डिपुओं से चीनी मिल जाएगी। विभाग के पास इसका कोटा पहुंच चुका है तथा चीनी का कोटा प्रत्येक डिपो को भेजा जा रहा है। चीनी के दामों में कुछ बढ़ौतरी हुई है। प्रदेश सरकार ने बी.पी.एल. के साथ ही अंत्योदय व प्राथमिक गृहस्थी राशन कार्ड धारकों को चीनी 18 रुपए प्रति किलोग्राम देने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि सरकार की तरफ से इसकी सूचना संबंधित विभागों और सोसायटियों को उपलब्ध करवा दी गई है। सुविधा न मिलने पर उपभोक्ता इसकी शिकायत कर सकते हैं।