घर के बाथरूम में JBT Teacher को इस हाल में देख परिजनों के उड़े होश

Sunday, May 14, 2017 - 06:00 PM (IST)

चम्बा: पुलिस थाना तीसा के दायरे में आने वाली ग्राम पंचायत बणंतर में रहने वाले एक जे.बी.टी. अध्यापक ने रविवार सुबह लाइसैंसशुदा बंदूक से खुद को गोली मारकर अपनी जान दे दी। मृतक अध्यापक की पहचान नरेंद्र सिंह पुत्र निहाल सिंह निवासी गांव सियंूरा राख के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि उक्त अध्यापक कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान था। जानकारी के अनुसार रविवार सुबह नरेंद्र सिंह के पारिवारिक सदस्य खेतों में काम करने गए हुए थे। इसी दौरान उसने घर के बाथरूम में खुद को गोली मार ली। 



बाथरूम में खून से लथपथ पड़ा था शव
पारिवारिक सदस्यों को इस घटना का पता उस समय चला जब बे घर लौटे। इस दौरान उन्होंने नरेंद्र को बाथरूम में खून से लथपथ पड़ा पाया तो उनके होश फाख्ता हो गए। उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लेने के साथ-साथ बंदूक को जब्त कर लिया है। परिजनों ने बताया है कि वह पिछले कुछ समय से मानसिक तौर से परेशान था जिसके चलते उसका उपचार चला हुआ था। उन्होंने इस घटना को लेकर किसी तरह का संदेह जाहिर नहीं किया है। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के आधार पर सी.आर.पी.सी. की धारा 174 के तहत कार्रवाई अमल में लाई है। 



फोरैंसिक लैब भेजी जाएगी बंदूक
डी.एस.पी. सलूणी महिंद्र कुमार मिन्हास ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कब्जे में ली गई बंदूक को जांच के लिए फोरैंसिक लैब भेजा जाएगा ताकि इस बात की पुष्टि हो सके कि उक्त अध्यापक को जो गोली लगी है वह इस बंदूक से चली है। उन्होंने बताया कि शव पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसके परिजनों को सौंप दिया है।