शाहपुर के बोह में भालू ने महिला पर किया हमला, महिला घायल

Friday, Nov 02, 2018 - 02:05 PM (IST)

शाहपुर : शाहपुर के बोह में भालू ने दिन दिहाड़े एक महिला पर हमला कर घायल कर दिया है। महिला को गंभीर अवस्था में उपचार के लिए टांडा अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उनकी स्थिति गम्भीर बनी हुई है। महिला को अस्पताल के आईसीयू वार्ड में रखा गया है। जानकारी के अनुसार महिला का ऑपरेशन कर दिया गया है। जानकारी के मुताबिक विक्रमा देवी पत्नी रुधो राम निवासी रुलेहड़ थलाका नामक जगह पर घास काटने गई थी कि तभी मादा भालू ने उस पर हमला कर दिया। महिला के चिलाने की आवाज सुन कर आस-पास की महिलाओं ने शोर मचाना शुरू कर दिया, जिस कारण भालू भाग गया।

रिडकमार पीएचसी से महिला को टांडा किया था रेफर

महिला को पहले उपचार के लिए रिडकमार अस्पताल लाया गया जहां से उसे शाहपुर तथा बाद में टांडा रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि मादा भालू पिछले काफी समय से अपने बच्चों के साथ रुलेहड़, बोह व आसपास के क्षेत्रों में घूम रही थी। बताया जा रहा है कि भालू इससे पहले पिछले माह रुलेहड़ पंचायत के बतूनी निवासी लज्या देवी पत्नी तिलक राज पर भी हमला कर चुकी है, लेकिन लज्या देवी किसी तरह से अपनी जान बचा कर भागने में सफल रही थी। पंचायत के उप प्रधान ओम चंद, पूर्व प्रधान जोधा राम व तरसेम जरियाल ने प्रसाशन से मांग की है कि इस भालू को शीघ्र पकड़ा जाए तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआबजा देने के साथ उनका इलाज भी मुफ्त में करवाया जाए। उन्होंने कहा कि भालू ग्रामीणों के लिए आंतक बन चुका है।

Jinesh Kumar