वन भूमि से हटाया अवैध कब्जा, 104 सेब के पेड़ों पर चली विभाग की आरी

Friday, May 11, 2018 - 01:38 AM (IST)

कुल्लू: माननीय उच्च न्यायालय और एन.जी.टी. के सख्त निर्देश के बाद वन एवं राजस्व विभाग ने अवैध कब्जे हटाने की प्रक्रिया तेज कर दी है। वीरवार को वन मंडल कुल्लू के तहत आने वाले बिजली महादेव के समीप वन विभाग की टीम ने अवैध कब्जा हटा दिया है। आर.ओ. कुल्लू बलदेव शर्मा की अगुवाई में वन व राजस्व विभाग की टीम ने पहले निशानदेही करवाई और उसके बाद 4 बीघा वन भूमि पर करीब 104 सेब के पेड़ों को काट दिया। वन और राजस्व विभाग की टीम गत 2 दिनों से इसी जगह निशानदेही करवा रही थी। निशानदेही के दौरान करीब 4 बीघा जमीन वन भूमि पर निकली।


बाड़बंदी कर पौधारोपण करेगा वन विभाग
वन विभाग की टीम ने अवैध कब्जाधारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के बाद कब्जाई गई वन भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त करवाया। अवैध कब्जा छुड़ाने के बाद वन विभाग बाड़बंदी कर पौधारोपण करेगा। डी.एफ.ओ.कुल्लू नीरज चड्ढा ने कहा कि वन भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ वन विभाग सख्ती से निपटेगा। उन्होंने कहा कि माननीय उच्च न्यायालय के सख्त निर्देश के बाद अवैध कब्जे हटाने की प्रक्रिया तेज कर दी है। शुक्रवार को भी वन मंडल के तहत कई इलाकों में निशानदेही की जाएगी।

Vijay