1400 कनाल भूमि पर बनेगा IIT मंडी का पालमपुर एक्सटैंशन कैंपस : गोकुल बुटेल

punjabkesari.in Saturday, Aug 29, 2026 - 07:54 PM (IST)

पालमपुर (गौरव/भृगु): पालमपुर के भगोटला में प्रस्तावित आईआईटी मंडी के एक्सटैंशन कैंपस के लिए प्रदेश सरकार और आईआईटी मंडी के मध्य लीज प्रक्रिया को पूर्ण कर लिया गया है। करीब 550 कनाल भूमि की लीज डीड हुई है। इसके अलावा करीब 800 कनाल और जमीन लीज की जाएगी। इसे वन स्वीकृति के बाद आईआईटी मंडी को सौंपा जाएगा। मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार गोकुल बुटेल ने शनिवार को पालमपुर में आयोजित प्रैस वार्ता के दौरान यह बात कही। उन्होंने कहा कि करीब 1400 कनाल भूमि पर बनने वाले पालमपुर आईआईटी के कैंपस निर्माण में लीज प्रक्रिया पूर्ण होना मील का पत्थर साबित होगी। इसके पश्चात आईआईटी मंडी कैंपस निर्माण को लेकर आगामी प्रक्रिया तेज करेगा। उन्होंने कहा कि कैंपस को लेकर एनआईटी हमीरपुर की ओर से अधिकतर सर्वे पूरा कर लिया गया है। 

गोकुल बुटेल ने कहा कि लीज प्रक्रिया के बाद पालमपुर में आईआईटी मंडी के नए कैंपस की राह आसान हो गई है। पालमपुर में इस राष्ट्रीय स्तर के संस्थान की स्थापना से क्षेत्र में शिक्षा, रोजगार और तकनीकी नवाचार को अभूतपूर्व बढ़ावा मिलेगा। कांगड़ा जिला और पालमपुर क्षेत्र की आर्थिकी को यह संस्थान बदलने में सक्षम होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से इस संस्थान के निर्माण में गंभीरता दिखाई गई है। इसके चलते ही आज लीज प्रक्रिया पूर्ण हुई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द कैंपस निर्माण को लेकर आगामी प्रक्रियाएं संस्थान तीव्र गति से पूर्ण करेगा। गोकुल बुटेल ने लीज प्रक्रिया पूर्ण होने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू और तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी का आभार भी जताया। 

आईआईटी मंडी के रजिस्ट्रार डॉ. कुमार संभव पांडे ने कहा कि प्रदेश के तकनीकी विभाग और आईआईटी मंडी के बीच लीज एग्रीमैंट भी पूरा कर लिया गया है तथा राजस्व विभाग की ओर से 500 कनाल भूमि आईआईटी मंडी के नाम कर दी गई है। आगामी कार्य आईआईटी मंडी के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के दिशा-निर्देशों के अनुसार आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने इस मामले पर गोकुल बुटेल के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने मामले पर बेहद गंभीरता दिखाई है। आईआईटी मंडी के पालमपुर एक्सटैंशन कैंपस के प्रस्तावित स्थल भगोटला में सर्वे का कार्य राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान के विशेषज्ञों की ओर से ड्रोन और सैटेलाइट तकनीक के माध्यम से किया गया। प्रैस वार्ता में नगर निगम आयुक्त नेत्रा मेती, तहसीलदार साजन बग्गा, आईआईटी मंडी के प्रधानाचार्य अजेश कुमार भी मौजूद रहे।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News