बरान नाले में बादल फटने पर प्रशासन की अनदेखी, स्वयं राहत कार्यों में जुटे ग्रामीण

Friday, Jul 20, 2018 - 01:50 PM (IST)

मनाली : बरान नाले में बादल फटने से आई बाढ़ से ग्रामीणों सहित सरकारी सम्पत्ति को भारी नुक्सान हुआ है। पी.डब्ल्यू.डी. की संपर्क सड़क सहित 2 पुल भी बाढ़ में बह गए हैं जिससे विभाग को लगभग 10 लाख रुपए का नुक्सान हुआ है। संपर्क सड़क टूट जाने से ग्रामीणों की गाड़ियां भी गांव में फंस गई हैं। बरान, डोभा और ब्रह्मण बेहड़ की पानी की आपूर्ति भी प्रभावित हो गई है। बाढ़ से तीनों गांवों के ग्रामीणों को परेशानियां उठानी पड़ी हैं। ग्रामीणों की 6 गाडिय़ां व एक मोटरसाइकिल भी बाढ़ की चपेट में आया है। बाढ़ से वन संपदा को भी नुक्सान हुआ है।

मौके पर पहुंचे एस.डी.एम. मनाली ने ग्रामीणों को फौरी मदद देने का आश्वासन दिया था लेकिन प्रशासन की ओर से कोई पहल न होती देख डोभा व बरान गांव के ग्रामीणों ने स्वयं ही राहत कार्य का जिम्मा उठा लिया। ग्रामीण प्रशासन की मदद न मिलती देख सड़क की मुरम्मत में जुट गए। ग्रामीणों सुरेश, पन्ना लाल, भूपेंद्र तथा भाग चंद ने बताया कि मौके पर पहुंचे एस.डी.एम. ने बुधवार को शीघ्र राहत कार्य की बात कही थी लेकिन वीरवार को प्रशासन की ओर से सहायता न मिलती देख ग्रामीणों ने सड़क की मुरम्मत का कार्य स्वयं संभाल लिया। 

उन्होंने बताया कि सड़क बाढ़ से जगह-जगह टूट गई है। उन्होंने बताया कि पानी की आपूॢत भी प्रभावित हो गई है जिससे ग्रामीणों की परेशानियां बढ़ गई हैं। एस.डी.एम. मनाली रमन घरसंगी ने बताया कि पी.डब्ल्यू.डी. को लगभग 10 लाख का जबकि आई.पी.एच. विभाग को लगभग 3 लाख रुपए का नुक्सान हुआ है। उन्होंने बताया कि राजस्व विभाग नुक्सान का आकलन कर रहा है। एस.डी.एम. ने बताया कि पी.डब्ल्यू.डी. और आई.पी.एच. विभाग को तत्काल प्रभाव से राहत कार्य करने के आदेश दे दिए हैं।
 

kirti