अनिल साथ चलते तो आज कुछ और बात होती : जयराम

punjabkesari.in Sunday, Nov 22, 2020 - 01:31 PM (IST)

मंडी (पुरुषोत्तम शर्मा) : मंडी के दो दिवसीय दौरे पर मंडी पहुंचे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंडी के बिपाशा सदन में जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान मंच पर बैठे विधायक अनिल शर्मा को इशारों इशारों में खूब खरी-खोटी सुनाई। उन्होंने कहा कि अनिल शर्मा आज अगर साथ चलते तो मंडी की सूरत कुछ और ही होती लेकिन इन्होंने परिवारिक मजबूरियां बताकर अलग राह पकड़ ली। आज साथ चलते तो कुछ बात और होती। उन्होंने कहा कि नगर निगम के लिए कुछ लोग ग्रामीणों को विरोध के लिए उकसाते रहे लेकिन अधिकांश शहरी लोग समर्थन में थे और विरोध के लिए उकसाने वाले उन्हें रोक नहीं पाए। आज नगर निगम मंडी के विकास के लिए जरूरी है। आने वाले दिनों में बहुत सारी योजनाएं धरातल पर होंगी।

उन्होंने कहा कि बहुत उछल कूद करने से कुछ हासिल नहीं होता। मैं कम बोलता हूं और ज्यादा काम में विश्वास करता हूँ। कुछ लोग बहुत जल्दबाजी में हैं लेकिन सब सब्र रखें। हम ऐसे दौर से गुजर रहे हैं जिस पर पहले कोई मुख्यमंत्री नहीं चला। उन्होंने इससे पूर्व 15 करोड़ की योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किए। बाद में मंडी की  2 दर्जन सामाजिक संस्थाओं की ओर से आयोजित आभार कार्यक्रम में मंडी वासियों को नगर निगम की बधाई दी। इस मौके पर विधायक अनिल शर्मा भी मंच पर मौजूद थे लेकिन उन्हें बोलने का मौका नहीं दिया गया। नगर परिषद की अध्यक्ष सुमन ठाकुर ने मुख्यमंत्री का आभार जताया और जल शक्ति मंत्री ने मुख्यमंत्री की कुर्सी को महालक्ष्मी का रूप बताते हुए लंबे समय तक मंडी में ही पकड़े रखने का आह्वान जनता से किया।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

prashant sharma

Recommended News

Related News