दुनिया भर में पहचान बना चुके अजय को सम्मान राशि देना भूली जयराम सरकार

Thursday, Jul 12, 2018 - 01:26 PM (IST)

शिमला (जय): डब्ल्यू.डब्ल्यू.ई. रेसलिंग चैम्पियनशिप को प्रदेश में करवाने के लिए सरकार ने सिरमौर के खिलाड़ी दलीप सिंह राणा उर्फ द ग्रेट खली पर दरियादिली दिखाई, लेकिन कबड्डी में दुनिया भर में स्टार रेडर के तौर पर पहचान बना चुके अजय ठाकुर को सरकार भूल गई है। कबड्डी विश्व कप में भारत को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले कबड्डी खिलाड़ी को आज तक सरकार ने सम्मान राशि तक प्रदान नहीं की। जानकारी के अनुसार पिछले 2 वर्षों से किसी भी सरकार द्वारा अजय ठाकुर के लिए सम्मान राशि प्रदान करने की घोषणा नहीं की गई, जबकि ओलिम्पिक एवं एशियन खेलों में देश व प्रदेश के लिए मैडल जीतने वाले खिलाड़ियों को यह सम्मान राशि प्रदान की जा चुकी है। 


2016 में जीता था स्वर्ण पदक
वर्ष 2016 में ईरान के तेहरान में एशियन कबड्डी प्रतियोगिता की विजेता भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने स्वर्ण पदक जीता था, जिसमें जिला सोलन नालागढ़ के रहने वाले अजय ठाकुर ने अहम भूमिका निभाई थी। इसके बाद सरकार ने ठाकुर को पुलिस विभाग में डी.एस.पी. की नौकरी तो प्रदान की लेकिन आज तक सम्मान राशि प्रदान नहीं की। उनको भारत सरकार ने विश्व कप जीतने पर उनका नाम अर्जुन अवार्ड के लिए आगे बढ़ाया है, लेकिन प्रदेश सरकार द्वारा उनकी कोई पूछ नहीं हो रही है। एशियन खेलों में हिमाचल का नाम रोशन करने वाली प्रियंका सहित महिला क्रिकेटर सुषमा वर्मा और ओलिम्पिक खिलाड़ी विजय कुमार को सम्मान राशि दी जा चुकी है, लेकिन अजय को आज तक सरकार ने यह सम्मान नहीं दिया है। ऐसे में सरकार की खेलों के प्रति सहानुभूति रखना कोरे बयान से ज्यादा और कुछ नहीं है। 


सीमा को प्रशिक्षण सुविधा प्रदान करेगी सरकार 
युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा यूथ ओलिम्पिक के लिए बैंकॉक में संपन्न क्वालीफायर मुकाबले में 3000 मीटर दौड़ में दूसरा स्थान प्राप्त कर प्रदेश की बेटी सीमा ने न केवल प्रतिष्ठित यूथ ओलिम्पिक के लिए क्वालीफाई किया है, अपितु प्रदेश का नाम भी गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सीमा को बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध करवाएगी, ताकि वह भविष्य में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर और बेहतर प्रदर्शन कर प्रदेश व देश का नाम ऊंचा कर सके। मंत्री ने कहा कि प्रदेश का युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री होने के नाते वह सरकार की ओर से सीमा को सहायता प्रदान करेंगे। 

Ekta