रावी नदी में मिले व्यक्ति के शव की हुई शिनाख्त

Saturday, Jan 09, 2021 - 12:23 PM (IST)

चम्बा(काकू)शहर के साथ लगते तड़ोली के निकट रावी नदी के किनारे मिले शव की शिनाख्त हो गई है। शव की पहचान दलीप सिंह (54) पुत्र चतर सिंह निवासी गांव घरमाली सरोल जिला चम्बा के रूप में हुई है। यह व्यक्ति कुछ दिन पहले परेल मंदिर के पास पूजा के लिए गया था, लेकिन घर वापस नहीं लौटा था। शुक्रवार दोपहर को स्थानीय कुछ लोग रावी के किनारे कार्य कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने पानी में शव को देखा। इसकी जानकारी द्रड्डा चौकी पुलिस को दी। इसके बाद चौकी प्रभारी राकेश कुमार की अगुवाई में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। पुलिस ने सभी पड़ोसी राज्यों के पुलिस थानों व चौकियों को सूचित कर दिया था और थाना व चौकियों में लापता हुए व्यक्ति के बारे में जानकारी जुटाई जा रही थी। इस दौरान शनिवार को दलीप सिंह के बेटों ने शव की शिनाख्त की। पुलिस जांच में सामने आया है कि पैर फिसलने से व्यक्ति रावी में जा गिरा और उसकी मौत हो गई। एस.पी. अरूल कुमार ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि शव की शिनाख्त हो गई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।

Kaku Chauhan