विक्रमादित्य सिंह बाेले-मैं एक बेटे की तरह अर्की के लोगों के साथ हमेशा खड़ा रहूंगा

Wednesday, Jul 14, 2021 - 11:17 PM (IST)

सोलन (ब्यूरो): पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह के बेटे व शिमला ग्रामीण के विधायक विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि वह एक बेटे की तरह हमेशा अर्की के लोगों के साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि मुझे अर्की के लोगों का आशीर्वाद चाहिए। विक्रमादित्य ने पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह के निधन पर उनके निवास स्थान रामपुर में बड़ी संख्या में शोक प्रकट करने के लिए आए अर्की निर्वाचन क्षेत्र के लोगों को इस दुख की घड़ी में हौसला देते हुए कहा कि हमारे अंदर वही खून है जो वीरभद्र सिंह के अंदर था। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह की सबसे बड़ी खूबी थी कि वह एक फाइटर व शेर थे। हमें हर परिस्थिति में लडऩा है। भीमाकाली और सभी देवी-देवताओं का आशीर्वाद हमारे साथ है।

उन्होंने कहा कि मेरे पिता वीरभद्र सिंह ने अर्की के लोगों के साथ जैसा पारिवारिक रिश्ता रखा है, वैसा ही रिश्ता मैं आपके साथ रखूंगा। उन्होंने कहा कि राजनीति अपनी जगह है। आज है कल नहीं है लेकिन मैं एक बेटे की तरह अर्की के लोगों के साथ हमेशा खड़ा रहूंगा। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि उन्हें हौसला नहीं हारना है और मिलकर आगे बढऩा है। अर्की से रामपुर गए कांग्रेसियों ने एक स्वर में विक्रमादित्य को आशीर्वाद देने की बात कही है।  हालांकि इस मौके पर किसी प्रकार की राजनीतिक चर्चा नहीं हुई। अर्की के लोगों ने वीरभद्र सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की हैं।

अर्की से स्व. वीरभद्र सिंह व उनके परिवार के विशेष लगाव को देखते हुए लग रहा है कि इस निर्वाचन क्षेत्र में हो रहे उपचुनाव में कांग्रेस अपने प्रत्याशी का चयन पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह व विक्रमादित्य सिंह की सहमति से ही करेगी। कांग्रेस प्रदेश सचिव राजेन्द्र ठाकुर व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रूप सिंह ठाकुर की अगुवाई में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री व अर्की विधानसभा क्षेत्र के विधायक रहे स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के निधन पर शोक प्रकट करने उनके निवास स्थान रामपुर पहुंचे हुए थे।

Content Writer

Vijay