आंखें ठीक करने का झांसा देकर ढोंगी बाबा ने उड़ाए लाखों के गहने

Friday, Mar 17, 2017 - 08:54 PM (IST)

नूरपुर: नूरपुर शहर की वार्ड नंबर 3 की एक महिला से कुछ शातिर लोगों ने हाथ की सफाई से 5 तोले गहने उड़ा लिए। यह घटना दोपहर के समय की है। जब वार्ड नंबर 3 की एक महिला शुभ वर्मा नूरपुर अस्पताल से वापस घर लौट रही थी तो आई.पी.एच. विभाग के सामने सड़क पर एक व्यक्ति जोकि सफेद कुर्ते में एक बाबा के भेष में था, उसने शुभ वर्मा को रोक कर किसी स्थान का पता पूछा। शुभ वर्मा ने कहा कि उसको उस स्थान की कोई जानकारी नहीं है तथा वह अपने घर की तरफ बढऩे लगी। थोड़ी दूरी पर एक महिला ने शुभ वर्मा को रोका और कहा कि यह बाबा बहुत ज्ञानी हैं और लोगों के रोग दूर करते हैं। 

महिला ने झूठी कहानी सुनाकर बहलाया
महिला ने शुभ वर्मा को बहलाने के लिए अपनी एक झूठी कहानी सुनाई कि कैसे उसकी मां की बीमारी को उक्त बाबा ने ठीक कर दिया। महिला की बात पर यकीन करके शुभ वर्मा ने उसको कहा कि उसको आंखों की समस्या है, जिसका काफी समय से इलाज करवा रही है। इसी बात पर महिला ने उसको बाबा से मिलाया तथा तीनों एक चाय की दुकान पर बैठ गए। बाबा का भेष धारण किए व्यक्ति ने महिला से कहा कि आंखें ठीक करनी हैं तो हाथों में जो गहने डाले हैं, वे एक रुमाल में बांध दो तथा रुमाल को रात को खोलना। 

महिला ने रुमाल में बांध दिए गहने
शुभ वर्मा को बाबा की उस बात पर हैरानी हुई लेकिन उसके पास बैठी महिला ने अपने गहने खोल कर रुमाल में बांध लिए और शुभ वर्मा को भी गहने खोलने के लिए जिद्द करने लगी और उसके बाद खुद उक्त महिला ने शुभ वर्मा के हाथ में पहने 2 सोने के कंगन, 2 अंगूठियां जोकि 5 तोले की थीं, खोल दीं तथा एक रुमाल में बांध दीं। उसी समय ढोंगी बाबा ने शुभ वर्मा के रुमाल पर अपना रुमाल बांध दिया और हाथ की सफाई से गहने उड़ा लिए। ढोंगी बाबा ने शुभ वर्मा के साथ बैठी महिला को जाने के लिए बोला और कहा कि अपना रुमाल रात के समय खोलना।

जब रुमाल को दबाया तो सहम गई महिला 
शुभ वर्मा इन सब से अनभिज्ञ थी कि ढोंगी बाबा और उक्त महिला दोनों साथी हैं। ढोंगी बाबा के जाने के तुरंत बाद जब शुभ वर्मा ने रुमाल को दबाया तो उसे ऐसा लगा कि उसमें कुछ भी नहीं है, वह एकदम सहम गई तथा उसने रुमाल उसी समय खोल दिया और देखा तो रुमाल खाली था। उसी समय शुभ वर्मा ने जोर-जोर से चिल्लाना शुरू किया लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी तथा बाबा व महिला वहां से भाग चुके थे। शुभ वर्मा ने उसके साथ हुई घटना की सूचना पुलिस को दी। 

बाइक पर बैठ कर भाग निकला बाबा
शुभ वर्मा के अनुसार उसे ऐसा आभास हो रहा था कि उक्त महिला ने उसे अपने वश में कर लिया है। शुभ वर्मा ने बताया कि जैसे ही वह बाबा बाहर निकला तो किसी अन्य व्यक्ति के साथ बाइक पर बैठ कर चला गया जबकि उस महिला का कोई पता नहीं चला। पुलिस ने इस संदर्भ में शुभ वर्मा की शिकायत पर मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। इस संदर्भ में डी.एस.पी. नवदीप सिंह ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि क्षेत्र में बाबाओं के भेष में घूम रहे ठगों से सावधान रहें तथा उनके बहकावे में न आएं।