सम्मोहित युवती ने लगा दी कुएं में छलांग, लोगों ने ऐसे बचाई जान

Thursday, Aug 16, 2018 - 06:59 PM (IST)

नादौन: नगर पंचायत नादौन के एक वार्ड में सम्मोहन की एक घटना चर्चा का विषय बनी हुई है। सम्मोहन की शिकार एक युवती ने कुएं में छलांग लगा दी। गनीमत यह रही कि पानी का स्तर ऊपर होने से तथा कुएं में सुरक्षा चेन लगी होने से युवती चेन में अटक गई। सुबह जब लोग कुएं की ओर पानी भरने गए तो लोगों ने कुएं से आवाजें सुनीं। कुएं से आ रही आवाजों को सुनकर लोग तेजी से कुएं की ओर दौड़े तो देखा कि युवती कुएं की चेन में फंसकर बचाने की पुकार लगा रही है। लोगों ने तुरंत युवती को कुएं से बाहर निकाला तथा उसके परिजनों को इसकी सूचना दी। लोगों ने जब युवती से कुएं में छलांग लगाने के बारे में पूछा तो युवती ने बताया कि उसे कई महीने से कोई सम्मोहित कर कुएं में छलांग लगाने के लिए उकसा रहा था।

सम्मोहित होकर चल पड़ी छलांग लगाने
बुधवार सुबह करीब अढ़ाई बजे फिर उसे सम्मोहन हुआ तथा वह सम्मोहित होकर कुएं में छलांग लगाने निकल पड़ी। कुएं पर पहुंचकर उसने छलांग भी लगा दी और जैसे ही पानी के संपर्क में आने पर उसे चेतना आई उसने तुरंत अपने आपको बचाने का प्रयास शुरू कर दिया। बड़ी मुश्किल से उसने 3 घंटे पानी में गुजारे। वहीं युवती के परिजनों ने बताया कि उन्हें तो इस बात की जानकारी ही नहीं थी। उनके अनुसार तो उनकी बेटी कमरे में सो रही है। बहरहाल सम्मोहन की यह घटना लोगों में चर्चा का विषय बनी हुई है।

Vijay