पति बना हैवान, दराती के वार से धड़ से अलग कर डाला पत्नी का सिर

Wednesday, Sep 05, 2018 - 07:58 PM (IST)

पधर: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला के अंतर्गत आते पधर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पति ने अपनी पत्नी का सिर दराती के वार से धड़ से अलग कर दिया और इसके बाद ब्यास नदी की ओर भाग गया। उसके जूते ब्यास नदी के किनारे से बरामद हुए हैं। दिल को दहला देने वाली इस घटना को पति ने खेतों में अंजाम दिया है। बुधवार प्रात: पति-पत्नी खेतों में घास काटने गए हुए थे और अपने मोबाइल से रिश्तदारों के साथ हत्या का खुलासा करने के बाद हत्यारा पति गांव से फरार हो गया है। हत्या की सूचना मिलते ही डी.एस.पी. पधर मदनकांत शर्मा और पधर पुलिस थाना प्रभारी संजीव कुमार गनग्रां पहुंचे और महिला की लाश खेतों में मिली। हत्या के सही कारणों का पता नहीं चल सका है।

दूध बेचने के बाद दिया वारदात को अंजाम
हत्यारोपी होशियार सिंह (29) पुत्र गवर्धन सिंह बुधवार प्रात: दूध बेचने दु्रघ गांव आया था और इसके बाद उसने वारदात को अंजाम दिया। गांव के लोगों ने उसे ब्यास नदी तक तलाशा मगर होशियार सिंह का कोई सुराग नहीं लग पाया। मृतक महिला के 2 बेटे हैं जिनमें एक बेटा प्राथमिक पाठशाला गनग्रां में पढ़ता है और दूसरा अपनी बुआ के पास मंडी में रहता है। मृतका रीना देवी (25) के मायके साथ लगती सिलग पंचायत के डवारनू लाहण गांव में हैं। होशियार सिंह अपने पिता गवर्धन का इकलौता बेटा है और उसके पिता भेड़पालक हैं जो इन दिनों लाहौल-स्पीति में हैं, वहीं मृतका का पिता भी बिरोजा निकासी के काम पर घर से बाहर है।

ब्यास नदी में बहता देखा गया हत्यारोपी
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए जोनल अस्पताल भेज दिया है। पुलिस हत्यारोपी को समीप के जंगल और ब्यास नदी के किनारे में तलाश रही है। इस बीच कुछ ग्रामीणों ने बताया कि हाशियार सिंह ने ब्यास नदी में छलांग लगाई है और खजरवाहल गांव के पास ब्यास में बहता देखा गया है। एस.पी. मंडी गुरुदेव चंद शर्मा ने मौके का दौरा कर फोरैंसिक टीम की सहायता से साक्ष्य जुटा लिए हैं और डी.एस.पी. पधर मदनकांत शर्मा ने हत्या के मामले की पुष्टि की है।

मर्डर के सही कारणों का नहीं लगा पता
उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में मर्डर के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। वारदात के दौरान दोनों पति-पत्नी खेत में अकेले थे और दोनों का झगड़ा हुआ है। होशियार सिंह ने मर्डर को अंजाम देने के बाद ब्यास नदी में छलांग लगा दी है। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस के समक्ष इसकी पुष्टि की है। मर्डर में घास काटने वाली दराती का प्रयोग किया गया है, जिसे पुलिस ने मौके से बरामद किया है।

Vijay