पति बना हैवान, पत्नी की पीट-पीट कर ले ली जान

Tuesday, Jul 30, 2019 - 08:59 PM (IST)

धर्मशाला (ब्यूरो): धर्मशाला के समीप घरोह में सोमवार देर रात हुए विवाद के चलते पति ने अपनी पत्नी की पीट-पीट कर जान ले ली। मृतका की पहचान शशि किरण (38) के रूप में हुई है। आरोपी व्यक्ति क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल में बतौर अधीक्षक तैनात है। वह अपनी पत्नी और बेटे के साथ बीते कुछ माह से घरोह में एक किराए के मकान में रहता था। उसकी वर्ष 2004 में शादी हुई थी। घटना की सूचना मिलने पर ए.एस.पी. राजेश कुमार, सदर थाना धर्मशाला के एस.एच.ओ. सुनील राणा औरफोरेंसिक लैब धर्मशाला की टीम ने घटनास्थल पर जाकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है, जिसे बुधवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

पति-पत्नी में विवाद के बाद हुई थी मारपीट

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार रात को पति-पत्नी में किसी बात को लेकर हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों में मारपीट शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि मारपीट में महिला को गंभीर चोटें आईं। मंगलवार सुबह महिला के न उठने पर उसके पति राकेश कुमार ने अपने मकान मालिक को बुलाया। दोनों महिला को टांडा अस्पताल ले गए, जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पहले भी मारपीट करता था आरोपी

घटना की जानकारी मिलने पर मृतका के मायके वाले भी मौके पर पहुंच गए थे। मायके वालों के अनुसार आरोपी पहले भी शशि किरण के साथ मारपीट करता था। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद महिला का शव परिजनों को सौंप दिया है। ए.एस.पी. राजेश कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने आई.पी.सी. की धारा 302 के तहत मामला दर्ज करके आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की छानबीन की जा रही है।

Vijay