नींद से नहीं जागी पत्नी तो पति को आया गुस्सा, दी यह दर्दनाक सजा

Friday, May 05, 2017 - 05:28 PM (IST)

चुवाड़ी: पुलिस थाना चुवाड़ी में एक महिला ने अपने पति के खिलाफ दराट से वार कर उसे घायल करने का मामला दर्ज करवाया है। जानकारी के अनुसार सुरेखा देवी (27) निवासी खफरोदू पंचायत तुरकड़ा पर उसके पति अशोक कुमार ने शुक्रवार सुबह साढ़े 5 बजे दराट से हमला कर उसे घायल कर दिया। महिला को उपचार के लिए चुवाड़ी अस्पताल लाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। महिला के सिर पर 24 टांके लगे हैं। इसकी सूचना पुलिस को दी गई और पुलिस ने अस्पताल में पहुंचकर घायल महिला का बयान दर्ज किया। 



जेठ के सामने भी पति करता रहा दराट से वार
महिला ने पुलिस को बताया कि वीरवार को उसके देवर की शादी थी तथा उसका पति, ससुर व अन्य रिश्तेदार उसकी बारात में गए हुए थे। शुक्रवार सुबह उसका पति घर आया तो वह सोई हुई थी। उसने उसे उठाने की कोशिश की तो उसने कहा कि सोने दो, इस बात पर वह गुस्से में आ गया और उसके सिर पर दराट से वार कर दिया। जब वह चिल्लाई तो उसका जेठ वहां पहुंचा। उसके सामने भी उसके पति ने उसके सिर पर दराट से वार किए। जब उसका जेठ उसे छुड़ाने लगा तो उसके सिर पर भी वार कर उसे लहूलुहान कर दिया तथा घर से भाग गया। महिला के जेठ के सिर पर भी 8 टांके लगे हैं।



पहले भी कई बार कर चुका है मारपीट  
महिला के पिता दौलत राम ने बताया कि अशोक उसकी बेटी के साथ पहले भी कई बार मारपीट कर चुका है और दोबारा ऐसा न करने के आश्वासन पर ही उन्होंने मामले को आगे नहीं बढ़ाया था। एस.डी.पी.ओ. डल्हौजी सागर चंद्र ने बताया कि पुलिस ने उपरोक्त मामले को आई.पी.सी. की धारा 324 के तहत दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।