एक ही चिता पर हुआ पति-पत्नी का अंतिम संस्कार, हर आंख से छलके आंसू

Saturday, Jul 29, 2017 - 01:09 AM (IST)

रक्कड़/नादौन: साथ जीने-मरने की कसमें खाने वाली कहावत तब चरितार्थ हुई, जब एन.एच.-3 पर कलूर (नादौन) के पास वीरवार को बाइक-बस दुर्घटना में मारे गए घरथोली (शांतला) निवासी दंपति संजीव कुमार (30) और शिवानी (25) का अंतिम संस्कार शुक्रवार को गांव के साथ लगती खड्ड में एक ही चिता पर किया गया। श्मशानघाट पर जब दोनों के शव एक ही चिता पर रखे गए तो वहां एकदम से सन्नाटा छा गया। इस दौरान मौजूद सभी लोगों के चेहरे गमगीन हो गए व आंखों से आंसू छलक पड़े।

मृतक के छोटे भाई विवेक ने दी मुखाग्नि
चिता को मुखाग्नि मृतक के छोटे भाई विवेक ने दी। दम्पति का डेढ़ वर्षीय पुत्र गंभीर रूप से घायल टांडा अस्पताल में उपचाराधीन है, जिसकी एक साइड की बाजू व टांग कोई हरकत नहीं कर रही है। उक्त दम्पति का लगभग अढ़ाई वर्ष पहले ही विवाह हुआ था। वहीं दंपति के परिवार को प्रशासन द्वारा 10 हजार की सहायता राशि दी गई है। प्रशासन की ओर से एस.डी.एम. अमित मेहरा ने मृतक बाइक सवार संजीव शर्मा की मां को 10 हजार की सहायता राशि का चैक प्रदान किया।