ऊना अस्पताल में सैकड़ों मरीज व तीमारदार इस मुफ्त योजना का उठा रहे लाभ

Friday, Sep 20, 2019 - 04:44 PM (IST)

ऊना (विशाल) : क्षेत्रीय अस्पताल में चलाए जा रहे निशुल्क भोजन प्रकल्प का अस्पताल के मरीजों व तीमारदारों को काफी लाभ मिल रहा है। ओ.पी.डी में इलाज को आने वाले मरीजों व तीमारदारों के लिए भी यह योजना बेहद सुविधाजनक साबित हो रही है। वहीं इस योजना में सहयोग के लिए अब काफी लोग सामने आने लगे हैं। महादेव मंदिर कोटलाकलां की ओर से शुरू किए गए इस प्रकल्प में लोग न केवल आर्थिक सहयोग कर रहे हैं बल्कि अपने परिवार की विभिन्न खुशियों के मौकों पर भी निशुल्क भोजन में आर्थिक सहयोग दे रहे हैं। परिवार के सदस्यों के जन्मोत्सवों और अन्य खुशी के मौकों पर लोगों द्वारा एक दिन के भोजन का खर्च वहन करके पुण्य कमाया जा रहा है।

गौरतलब है कि महादेव मंदिर की ओर से अस्पताल में आने वाले मरीजों और तीमारदारों के लिए दोपहर के समय निशुल्क भोजन वितरित किया जाता है। इस प्रकल्प का रोजाना ही सैकड़ों तीमारदार व मरीज फायदा ले रहे हैं। यहां तक कि ओ.पी.डी. में आने वाले मरीजों को भी इसका लाभ मिल रहा है।हाल ही में कैबिनेट मंत्री वीरेन्द्र कंवर और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने भी स्वयं पहुंच कर न केवल निशुल्क भोजन मरीजों व तीमारदारों को वितरित किया बल्कि स्वयं भी यहां भोजन ग्रहण करके महादेव मंदिर के प्रकल्प की सराहना ही। इसके साथ-साथ उन्होंने मंदिर प्रशासन को निशुल्क भोजन की जगह पर कुछ अन्य सुविधाएं जुटाने के लिए भी निर्देशित किया। इस निशुल्क भोजन सेवा में कई नामी हस्तियां पहुंच कर अपनी उपस्थिति दर्ज करवा चुकी हैं। वहीं शहर के नामी व्यवसायी भी अपने कामधंधे छोड़ कर यहां सेवा के लिए रोजाना पहुंचते हैं।

संस्थाएं भी दे रहीं सहयोग

इस निशुल्क योजना में इन्नरव्हील क्लब की महिलाएं भी सहयोग कर चुकी है। वहीं अन्य संस्थाएं भी सहयोग के लिए आगे आ रही हैं। हाल ही में इन्नरव्हील क्लब की महिला पदाधिकारियों ने न केवल इस पुण्य प्रकल्प में एक दिन के भोजन का खर्च वहन किया बल्कि अस्पताल पहुंच कर यहां मरीजों व तीमारदारों को भोजन भी परोसा था। वहीं युवाओं सहित बुजुर्ग भी रोजाना यहां पहुंच कर मरीजों व तीमारदारों को भोजन वितरण करने में सहयोग करते हैं। इस प्रकल्प में अहम भूमिका निभा रहे अश्विनी जैतिक का कहना है कि लोगों को आगे आकर इस प्रकल्प में योगदान देकर स्वयं को धन्य करना चाहिए। महादेव मंदिर की ओर से यह बेहतरीन कार्य किया गया है जिसका मरीजों और तीमारदारों को बेहद लाभ हासिल हो रहा है।

Edited By

Simpy Khanna