केलांग में जनजातीय मेले के लिए HRTC की खास पहल, यात्रियों की सुविधा के लिए चलेंगी स्पैशल बसें

punjabkesari.in Wednesday, Aug 12, 2026 - 06:39 PM (IST)

केलांग (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले के मुख्यालय केलांग में 14 से 16 अगस्त तक राज्य स्तरीय जनजातीय मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस मेले के मद्देनजर हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) केलांग डिपो ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों की सुविधा के लिए विशेष बस सेवाएं शुरू करने का निर्णय लिया है। क्षेत्रीय प्रबंधक (आरएम) अंशित शर्मा ने बताया कि मेले के दौरान परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए यह कदम उठाया गया है।

इन 12 प्रमुख मार्गों पर उपलब्ध रहेगी परिवहन सुविधा
क्षेत्रीय प्रबंधक अंशित शर्मा ने बताया कि मेले के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से केलांग आने और वापस जाने वाले यात्रियों के लिए खास प्रबंध किए गए हैं। इन विशेष बसों के माध्यम से कोकसर, नर्सरी, गोंधला, तांदीपुल, दारचा, उदयपुर, जाहलमा, शांशा, लपसक, गोहरमा, मेह (खंगसर) और नैनगार (नालडा) मार्गों पर सुचारू परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी।

विशेष बसों का रूट और समय सारिणी 
केलांग–कोकसर: केलांग से शाम 6:00 बजे, वापसी कोकसर से सुबह 9:00 बजे
केलांग–नर्सरी: केलांग से शाम 6:00 बजे, वापसी नर्सरी से सुबह 9:00 बजे
केलांग–गोंधला: केलांग से शाम 6:00 बजे, वापसी गोंधला से सुबह 10:00 बजे
केलांग–तांदीपुल: केलांग से शाम 6:00 बजे, वापसी तांदीपुल से सुबह 10:00 बजे
केलांग–दारचा: केलांग से शाम 6:00 बजे, वापसी दारचा से सुबह 10:00 बजे
केलांग–उदयपुर: केलांग से शाम 6:00 बजे, वापसी उदयपुर से सुबह 8:00 बजे
केलांग–जाहलमा: केलांग से शाम 6:00 बजे, वापसी जाहलमा से सुबह 9:30 बजे
केलांग–शांशा: केलांग से शाम 6:00 बजे, वापसी शांशा से सुबह 9:30 बजे
केलांग–लपसक: केलांग से शाम 6:00 बजे, वापसी लपसक से सुबह 9:00 बजे
केलांग–गोहरमा: केलांग से शाम 6:00 बजे, वापसी गोहरमा से सुबह 9:30 बजे
केलांग–मेह (खंगसर): केलांग से शाम 5:30 बजे, वापसी मेह से सुबह 8:30 बजे
केलांग–नैनगार (नालडा): केलांग से दोपहर 2:45 बजे, वापसी नैनगार से सुबह 7:00 बजे

देर रात तक रुकने वालों के लिए 10:30 बजे चलेंगी विशेष बसें
मेले का आनंद देर शाम तक लेने वाले लोगों के लिए एचआरटीसी ने विशेष इंतजाम किए हैं। आरएम ने बताया कि मेले के कार्यक्रमों के समापन के बाद यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए केलांग से कोकसर, दारचा और उदयपुर के लिए रात 10:30 बजे विशेष बसें (लेट नाइट सर्विस) संचालित की जाएंगी। इससे मेले में देर तक रुकने वाले लोग भी सुरक्षित एवं सुविधाजनक ढंग से अपने घरों तक पहुंच सकेंगे।

सवारियों की मांग के अनुसार रूट व समय में हो सकता है बदलाव
एचआरटीसी प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि यह समय सारिणी संभावित है। यात्रियों की मांग और यात्री भार को देखते हुए बसों की संख्या, मार्ग और समय सारिणी में आवश्यकता के अनुसार परिवर्तन किया जा सकता है। क्षेत्रीय प्रबंधक ने जनजातीय मेले में आने वाले सभी स्थानीय लोगों, पर्यटकों और अन्य आगंतुकों से एचआरटीसी की इन विशेष और सुरक्षित बस सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay