लंबे इंतजार के बाद HRTC को मिले 1235 टी.एम.पी.ए.

Friday, May 11, 2018 - 12:24 AM (IST)

शिमला: आखिरकार लंबे इंतजार के बाद हिमाचल पथ परिवहन निगम को अब 1235 नए टी.एम.पी.ए. मिल गए हैं। निगम प्रबंधन ने वीरवार को टी.एम.पी.ए. का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है। निगम में परिवहन बहुउद्देश्यीय सहायकों (टी.एम.पी.ए.) की भर्ती को लेकर बीते 8 माह से प्रक्रिया चल रही थी। निगम को नए टी.एम.पी.ए. मिलने के चलते अब नए बंद पड़ेरूटों पर भी जल्द बसों का संचालन होगा। अब तक निगम में करीब 1200 परिचालकों की कमी चल रही थी। अब नए परिचालक मिलने के साथ ही यह कमी पूरी हो जाएगी, साथ ही इससे पहले निगम में सेवाएं दे रहे परिचालकों को भी अब छुट्टी पर जाने का मौका मिलेगा।


सभी परिचालकों को बसों में दी जाएगी ट्रेनिंग
निगम में हालांकि 1300 टी.एम.पी.ए. के पदों को भरने के लिए पूर्व सरकार के समय से यह भर्ती प्रक्रिया चल रही थी लेकिन इसमें कुछ कैटेगरी के उम्मीदवार नहीं मिलने से 1235 टी.एम.पी.ए. को ही नियुक्ति मिली है बाकी के पद फिर से खाली रह गए हैं। अब भर्ती हुए टी.एम.पी.ए. को एक बार और अपने दस्तावेजों की वैरीफिकेशन करवानी पड़ेगी। यह प्रक्रिया 25 से 29 मई तक चलेगी। इसके बाद सभी परिचालकों को बसों में पहले ट्रेनिंग दी जाएगी। इसके बाद उनकी नियमित सेवाएं ली जाएंगी। निगम की वैबसाइट पर सभी टी.एम.पी.ए. का परिणाम उपलब्ध करवा दिया है।


महिला प्रशिक्षुओं को मलाल, सरकार ने नहीं पूछा हाल
एक ओर जहां निगम को नए टी.एम.पी.ए. मिले हैं, वहीं निगम में सेवाएं दे रही महिला प्रशिक्षुओं को निगम में उनकी सेवाएं नियमित न करने का मलाल है। निगम में करीब 2 दर्जन महिला प्रशिक्षु 3 वर्षों से बीच में अंतराल के बाद सेवाएं दे रही हैं। महिला प्रशिक्षुओं का कहना है कि निगम में मात्र 100 के करीब प्रशिक्षुओं ने ट्रेनिंग ली है और इनमें से कुछ महिलाएं लगातार बसों में सेवाएं दे रही हैं, ऐसे में सरकार को महिला प्रशिक्षुओं को भी इस भर्ती प्रक्रिया में कोटा प्रदान करना चाहिए।


सरकार ने बेटियों के लिए कुछ नहीं किया
निगम में सेवाएं दे रही महिला प्रशिक्षु कमलेश, पूनम, वीना व अनु धीमान का कहना है कि एक ओर बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का सरकार अभियान चला रही है और दूसरी ओर जो बेटियां दुर्गम क्षेत्रों में बसों में सेवाएं दे रही हैं और भविष्य में भी देने के लिए तैयार हैं उनके लिए सरकार ने कुछ भी नहीं किया। महिला प्रशिक्षुओं ने सरकार से उनके लिए रिक्त पड़े टी.एम.पी.ए. पदों पर बैठाने की मांग उठाई है।

Vijay