मतदान की सुविधा नहीं दी तो HRTC कर्मचारी उठाएंगे यह कदम

Tuesday, Oct 24, 2017 - 09:45 AM (IST)

शिमला : हिमाचल पथ परिवहन निगम के 7,000 कर्मचारियों के  मताधिकार को सुनिश्चित करने के लिए चुनाव आयोग भी सख्त हो गया है। इस संबंध में चुनाव आयोग ने एच.आर.टी.सी. के नोडल अधिकारी को तलब किया है। एच.आर.टी.सी. की ड्राइवर यूनियन ने निगम कर्मचारियों के मताधिकार को सुनिश्चित करने के लिए सोमवार को संयुक्त निर्वाचन अधिकारी डी.के. रत्न को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान यूनियन के अध्यक्ष मान सिंह ठाकुर, प्रांतीय प्रधान सत्य प्रकाश शर्मा व सचिव हेमंत शर्मा ने राज्य निर्वाचन आयोग के अधिकारी ज्ञापन सौंपकर अपनी समस्या से अवगत करवाया। निगम कर्मचारियों का कहना था कि एच.आर.टी.सी. कर्मचारी हर बार चुनावी प्रक्रिया में भाग नहीं ले पाते हैं।

यूनियन इस संबंध में न्यायालय का दरवाजा खटखटाएगी
यूनियन ने आयोग से कहा कि समय रहते यदि उन्हें चुनावी मताधिकार से वंचित किया जाता है तो यूनियन इस संबंध में न्यायालय का दरवाजा खटखटाएगी। यूनियन की मांग को देखते हुए अतिरिक्त निर्वाचन अधिकारी ने यूनियन के पदाधिकारियों को अपने स्तर पर हरसंभव प्रयास करने और एच.आर.टी.सी. कर्मचारियों के मताधिकार को सुनिश्चित करवाने का आश्वासन दिया। यूनियन के प्रधान सत्य प्रकाश शर्मा ने कहा कि यदि एच.आर.टी.सी. कर्मचारियों के मत देने के अधिकार को चुनाव आयोग सुनिश्चित नहीं करवाता है तो वह इस मामले पर जल्द ही न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे।