जाली प्रमाण जमा करवाने पर HRTC कर्मचारी गिरफ्तार

Thursday, Dec 08, 2016 - 08:49 PM (IST)

रामपुर बुशहर: 12वीं कक्षा का जाली प्रमाण पत्र जमा करने के मामले में पुलिस ने एच.आर.टी.सी. के कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस व्यक्ति को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 12 दिसम्बर तक पुलिस रिमांड पर भेजा है। सूचना के अनुसार पुलिस ने एच.आर.टी.सी. के क्षेत्रीय प्रबंधक की शिकायत पर एच.आर.टी.सी. कर्मचारी के खिलाफ 12वीं कक्षा का जाली प्रमाण पत्र जमा करने का मामला दर्ज किया था। कर्मचारी का नाम मूलराज है।

जानकारी के अनुसार एच.आर.टी.सी. के जूनियर सहायक के पद पर तैनात कर्मचारी ने 12वीं का नैशनल इंस्टीच्यूट ऑफ ओपन स्कूलिंग का प्रमाण पत्र जमा किया था। एच.आर.टी.सी. के क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि छानबीन के दौरान प्रमाण पत्र के जाली पाए जाने पर मामले को पुलिस को सौंपा गया था। डी.एस.पी. रामपुर सोम दत्त ने बताया कि एच.आर.टी.सी. कर्मचारी के खिलाफ 12वीं कक्षा का जाली प्रमाण पत्र जमा करने को लेकर मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने कर्मचारी को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 12 दिसम्बर तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।