अब अपनी मर्जी से चालक बीच सड़क में नहीं रोक सकेंगे बस, प्रशासन ने लिया यह यह फैसला

Saturday, Aug 25, 2018 - 09:39 AM (IST)

 

मानपुरा : अब बद्दी-नालागढ़ राष्ट्रीय मार्ग पर बीच सड़क में बसें रोक कर निजी व एच.आर.टी.सी. के चालक सवारियां नहीं उतार पाएंगे। ऐसा करने पर चालान के साथ लाइसैंस रद्द किए जाएंगे। ऐसा बी.बी.एन. में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों को देखते हुए किया जा रहा है। इसके अलावा बीच सड़क में बसें रोकने से जाम भी लग रहा है। बद्दी से नालागढ़ तक मात्र 20 किलोमीटर का फासला है लेकिन इस मार्ग पर बद्दी लाइट, ट्रक यूनियन, मानपुरा, खरूणी, खेड़ा, बागवानियां, पीरस्थान, मलपुर, भुड्ड, हरायपुर, किशनपुरा व नालागढ़ से पहले संपर्क मार्ग मुख्य मार्ग से जुड़े हैं। इन स्थानों पर जैसे ही कोई ट्रक व बस टर्न लेती है तो राष्ट्रीय मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है।

यही नहीं, निजी व निगम की बसें इस मार्ग पर बीच में रुक कर सवारियां उतारती हैं। ऐसे में बस के पीछे वाला वाहन ओवरटेक नहीं कर पाता है। उसे बद्दी से नालागढ़ तक उसी स्पीड से चलना पड़ता है जिस गति से अगला वाहन चल रहा है। 15 व 20 मिनट में नालागढ़ पहुंचने वाले छोटे वाहन 40 से 50 मिनट में पहुंच रहे हैं। कुछ वाहन जबरन ओवरटेक करते हैं जिससे यहां पर हर रोज दुर्घटनाएं हो रही हैं। इन सबको रोकने के लिए प्रशासन ने बस ठहराव के लिए नीले रंग के बोर्ड लगाए हैं। अब बस संचालकों को जहां पर बस ठहराव लिखा है, वहीं पर बस को रोकना होगा। अपनी मर्जी से अब चालक बीच सड़क में बस को नहीं रोक सकेंगे।
 

 

kirti