मिसाल! 13 साल से HRTC कंडक्टर ने नहीं ली छुट्टी, इनाम लेने भी खुद नहीं जाएगा

Monday, Jun 18, 2018 - 11:28 AM (IST)

सिरमौर: आज हम आपको एक ऐसे शख्स से मिलाने जा रहे हैं जिसने पिछले 13 साल से अपने कार्यकाल के दौरान छुट्टी न लेकर अनोखी मिसाल कायम कर दी। बता दें कि यह शख्स जोगिंदर सिंह (जोगी) हिमाचल पथ परिवहन निगम में कंडक्टर है। खास बात यह है कि अब जोगी को सिरमौर कला संगम नाम की एक संस्था उसके काम के प्रति लगन के मद्देनजर उन्हें सम्मानित करने जा रही है। 


28 जून को मिलेगा पुरस्कार 
28 जून को ददाहू में होने वाले कार्यक्रम में उन्हें डॉ. यशवंत सिंह परमार पुरस्कार देंगे। लेकिन वह शायद ही इस खुशी के मौके पर पहुंचें। क्योंकि वह अपने पिता को सम्मान लेने भेजेंगे। वह अपनी ड्यूटी से छुट्टी नहीं कर सकते। बताया जा रहा है कि 4 जून 2005 से निगम के नाहन डिपो की बसों में परिचालक के पद पर कार्यरत जोगिंद्र सिंह मधुर भाषी, स्वच्छ छवि और सरल स्वभाव के हैं। 


13 वर्षों में एक भी नहीं ली छुट्टी 
उन्होंने अपनी ड्यूटी को ही अपना फर्ज समझकर पिछले 13 वर्षों में एक भी छुट्टी नहीं ली। केवल एक दिन हड़ताल व एक दिन दीपावली की रात को ही वह अपने घर गए थे। बाकि छुट्टियां उन्होंने बसों की सीटों पर सोकर ही गुजार दीं। यहां तक कि निगम के कहने के बावजूद भी उन्होंने छुट्टी जाने की बजाय अपने 303 रविवारीय अवकाश निगम को दान करवा दिए। हैरानी इस बात की है कि अभी भी उनके पास करीब 550 रविवार की छुट्टियां बची हैं। जोगिंद्र सिंह को वर्ष 2011 में निगम ने भी प्रशंसा पत्र व नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।

Ekta