जोगेंद्रनगर में गुंडागर्दी: HRTC कंडक्टर की पिटाई, स्कूटी हटाने को कहा तो बुला लिए बाउंसर

punjabkesari.in Sunday, Apr 12, 2026 - 11:48 AM (IST)

हिमाचल डेस्क। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के जोगेंद्रनगर में रविवार सुबह हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) के एक बस कंडक्टर (परिचालक) के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। यह घटना उस समय हुई जब थुरल से आ रही बस एहजु के पास पहुँची थी।

जानकारी के अनुसार, बस को पीछे करने के लिए परिचालक ने एक स्कूटी सवार युवक से अपनी स्कूटी थोड़ी पीछे करने का आग्रह किया। इस साधारण सी बात पर युवक भड़क गया और उसने पहले परिचालक के साथ धक्का-मुक्की की। इसके बाद युवक ने दो बाउंसर्स को मौके पर बुला लिया, जिन्होंने बस परिचालक पर हमला कर दिया। बस में मौजूद यात्रियों ने बीच-बचाव कर परिचालक को बचाया।

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में घायल परिचालक यह कहता नजर आ रहा है कि उसने केवल रास्ता बनाने के लिए स्कूटी हटाने को कहा था और कोई बदतमीजी नहीं की थी। आरोप है कि हमला करने वाले युवक रसूखदार और राजनीतिक पहुंच वाले हैं।

कर्मचारी संघ ने दी आंदोलन की चेतावनी

एचआरटीसी कर्मचारी महासंघ ने इस घटना पर कड़ा रोष जताया है। संघ के मीडिया प्रभारी ललित ने बताया कि मामले की जानकारी प्रदेशाध्यक्ष को दे दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि पुलिस और प्रशासन ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की, तो परिवहन निगम के कर्मचारी बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

पुलिस की कार्रवाई शुरू

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यात्रियों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर रही है ताकि सच्चाई का पता लगाया जा सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Jyoti M

Related News