बसों में 500 का नोट लेकर चलने से पहले पढ़ें ये खबर

Sunday, Dec 11, 2016 - 11:37 AM (IST)

शिमला: हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों में सफर करने पर अब यात्रियों से टिकट के बदले 500 के पुराने नोट स्वीकार नहीं होंगे। बसों में सफर के दौरान अब यात्रियों को नए नोट साथ रखने होंगे। परिवहन निगम प्रबंधन ने इस संबंध में सभी कंडक्टरों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। इसके साथ ही एच.आर.टी.सी. के बुकिंग काऊंटरों सहित बसों में लोगों से पुराने नोट लेने पर अब पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है। शनिवार तक एच.आर.टी.सी. में जो 500 के पुराने नोट लिए गए थे, उन्हें अब जमा करवा दिया गया है। रोजाना एच.आर.टी.सी. को करीब 2 करोड़ रुपए की आय प्राप्त होती है।


बसों में 500 रुपए के पुराने नोट स्वीकार नहीं
एच.आर.टी.सी. के मुख्य महाप्रबंधक रघुवीर सिंह चौधरी ने कहा कि निगम की बसों में अब 500 रुपए के पुराने नोट प्रचलन से बाहर कर दिए गए हैं। सरकार के आदेशों के चलते यह निर्णय लिया गया है। 10 दिसम्बर आधी रात से निगम के सभी बुकिंग काऊंटरों सहित बसों में ये नोट अब स्वीकार नहीं होंगे।