सलूणी-झौड़ा मार्ग पर HRTC की बस शुरू, लोगों को मिली राहत

Tuesday, Oct 30, 2018 - 02:13 PM (IST)

तेलका (इरशाद): सलूणी-झौड़ा मार्ग पर सोमवार को हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस सेवा शुरू होने से लोगों को राहत मिली है। उल्लेखनीय है कि तेलका व सलूणी क्षेत्र के लोग लगातार 2 वर्षों से सलूणी-झौड़ा वाया लिग्गा सरकारी बस की मांग कर रहे थे जिसको मद्देनजर रखते हुए सरकार व विभाग ने सोमवार को यहां बस सेवा शुरू कर दी है। इस बस सेवा के चलने से भजोत्रा, बाड़का, सेरी, मौड़ा, सालवां, सियुला, द्रेकड़ी, लिग्गा, खरल व टिकरु आदि पंचायतों के लोगों को तहसील मुख्यालय आने-जाने में आसानी रहेगी, वहीं उक्त रास्ते में पड़ने वाले स्कूलों व कालेज के बच्चों को भी लाभ मिलेगा। 

व्यापार मंडल तेलका के अध्यक्ष देसराज बसंत व लोगों राजकुमार शर्मा, प्रह्लाद, सुरेश कुमार, केहर सिंह ठाकुर, प्रकाश कपूर, हंसराज, जर्म सिंह, तेज राम, सतीश ठाकुर, चमारु राम, जर्म सिंह, कमलेश कपूर, पृथ्वी राज व नरेश कुमार आदि का कहना है कि झौड़ा से सलूणी के लिए सुबह के समय निगम की बस चलने से उन्हें काफी राहत मिली है। इससे उन्हें तहसील मुख्यालय जाने में सुविधा मिलेगी। लोगों ने विभाग से मांग की है कि उक्त बस सेवा को सुचारू रूप से चलाया जाए।

Ekta