मनाली-काजा के लिए HRTC की बस सेवा 9 महीने बाद बहाल

Thursday, Jul 25, 2019 - 01:04 PM (IST)

मनाली (सोनू): मनाली से स्पीति के लिए एचआरटीसी की बस सेवा एक बार फिर बहाल कर दी गई है। बी.आर.ओ. की 94 और 110 आर.सी.सी. के बीच पनपा सीमा विवाद जहां सीमा सड़क संगठन के उच्चाधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद सुलझा लिया गया। वहीं गुरुवार से बस सेवा को भी बहाल करने का निर्णय लिया गया है। लिहाजा स्पीति का पर्यटन कारोबार एक बार फिर रफ्तार पकड़ने वाला है। जानकारी के अनुसार 4 जुलाई को जहां एच.आर.टी.सी. के केलांग डिपो ने कुल्लू से काजा के लिए बस सेवा को शुरू किया था। वहीं छोटा दड़ा के समीप नाले में बाढ़ आने से उक्त सड़क का कुछ हिस्सा बह गया था। ऐसे में कुल्लू से काजा के लिए रवाना हुई निगम की बस यात्रियों समेत बीच रास्ते से वापस लौट आई थी। 

सड़क के क्षतिग्रस्त हो जाने के बाद जहां बी.आर.ओ. की 94 और 110 आर.सी.सी. के बीच सीमा विवाद का पेंच फंस गया था और सड़क बड़े वहानों के लिए बहाल नहीं हो पाई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए बी.आर.ओ. के उच्चाधिकारियों ने सीमा विवाद को सुलझाते हुए जहां सड़क को बहाल करवाया। वहीं सड़क की फिटनैस रिपोर्ट भी ए.डी.सी. काजा व एच.आर.टी.सी. के केलांग डिपो के अधिकारियों को सौंपी। 9 माह बाद जहां स्पीति घाटी के लिए मनाली से निगम की बस सेवा शुरू होगी, वहीं यह पहला अवसर है, जब काजा के लिए जुलाई माह के अंतिम दौर में बस सेवा शुरू हो पाई है।

क्या कहते हैं कारोबारी

स्पीति के पर्यटन कारोबारियों का कहना है कि मनाली-ग्रांफू-काजा सड़क की खस्ता हालत जहां सैलानियों को परेशान करती है, वहीं छोटा दड़ा के समीप सड़क के बह जाने के कारण बड़े वाहनों की आवाजाही थमने से उनके पर्यटन कारोबार पर भी इसका गहरा असर देखने को मिला। पर्यटन कारोबारियों का कहना है कि बी.आर.ओ. ने अब जहां सड़क को बड़े वाहनों के लिए बहाल कर दिया है, वहीं उन्हें उम्मीद है कि स्पीति का पर्यटन कारोबार रफ्तार पकड़ेगा। उल्लेखनीय है कि स्पीति में अधिकतर सैलानी मनाली की तरफ से आते हैं और मनाली-ग्रांफू-काजा सड़क पर यातायात बहाल होने पर ही स्पीति में पर्यटन कारोबार रफ्तार पकड़ता है।


 

Ekta