दर्दनाक हादसा : HRTC बस खाई में गिरी, 2 की मौत-24 घायल (Pics)

Wednesday, Dec 26, 2018 - 11:04 PM (IST)

बिलासपुर: हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर के अंतर्गत आते जामली में बुधवार शाम एक बड़ी सड़क दुर्घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार यात्रियों से भरी एक एच.आर.टी.सी. बस 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई जबकि 24 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जानकारी के अनुसार एच.आर.टी.सी. नालागढ़ डिपो की बस (एच.पी.12सी-9906) नालागढ़ से जयनगर जा रही थी कि जामली के समीप एक मोड़ पर करीब 20 पलटे खाकर खाई में जा गिरी। बस में सवार यात्रियों दीप राम, अजय चौहान व जसवंत के अनुसार पहले बस चट्टान से जा टकराई तथा उसके बाद खाई में गिरी। यह हादसा शाम करीब 6 बजकर 40 मिनट पर हुआ बताया जा रहा है। मृतकों की पहचान कुलवंत कौर (45) पत्नी सुरेंद्र सिंह निवासी सल्लेवाल तहसील नालागढ़ जिला सोलन व रवि कुमार (23) पुत्र बाबू राम निवासी लागघाट जिला सोलन के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस मौके पर पहुंची तथा घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया, वहीं डी.सी. बिलासपुर विवेक भाटिया व पूर्व विधायक रणधीर शर्मा ने क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचकर घायलों का कुशलक्षेम पूछा। डी.सी. बिलासपुर विवेक भाटिया ने बताया कि मृतकों के परिजनों को 25,000, गंभीर रूप से घायलों को 10,000 व सामान्य घायलों को जिला प्रशासन की ओर से 5,000 रुपए की फौरी राहत प्रदान की गई है। एस.पी. बिलासपुर अशोक कुमार ने बताया कि दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। थाना सदर में मामला दर्ज कर लिया है तथा मामले की छानबीन की जा रही है। 

ये हुए घायल

विक्रम सिंह (26) निवासी मलौण खास, प्रोमिला (28) निवासी मलौण खास, छोटू राम (30) निवासी मलौण खास, अश्विनी कुमारी (27) निवासी जौवी-कोहू, गगन (33) निवासी लुहारघाट, श्याम लाल (50) निवासी जौवी कोहू, बस चालक देवी चंद, इंद्र सिंह (65) निवासी जौवी, बाबू राम (60) निवासी मलौण खास, दीप राम (44) निवासी सौल, दिला राम (70) निवासी सूण, हरी राम निवासी जयनगर, जसवंत (40) निवासी मलौण खास, राकेश (19) सैकली-बिलासपुर, रतन लाल (40) निवासी मैथी, प्रीतम (20) निवासी लागघाट, इंद्र सिंह (46) निवासी सैकली, परिचालक विनोद (33) निवासी दख्यूत-घुमारवीं, सुरेंद्र कुमार (32) निवासी नाली पलौण, सुरेश (29) निवासी टकरेहड़, अजय चौहान (19) निवासी मलौण, मुनी लाल (50) निवासी भामला जयनगर, शेर सिंह (42)  कोहू व सुरेंद्रा देवी (36) कोहू शामिल हैं। इनमें से प्रोमिला व इंद्र सिंह की गंभीर हालत को देखते हुए पी.जी.आई. चंडीगढ़ रैफर कर दिया गया है।

Vijay