कुमारसैन में एच.आर.टी.सी. की बस दुर्घटनाग्रस्त, 4 की मौत, 21 घायल

Saturday, Oct 28, 2017 - 11:38 PM (IST)

शिमला (विकास शर्मा): उपमंडल कुमारसैन के निकट एन.एच.-5 पर देथल में हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस देर शाम दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें 4 लोगों की मौत हो गए जबकि 21 लोग घायल हो हो गए। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार देर शाम एन.एच.-5 पर देथल शरम्बल कैंप के समीप पथ परिवहन निगम की बस करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। पुलिस से प्राप्त सूचना के मुताबिक हादसे में 4 लोगों की मौत व 21 यात्रियों के घायल होने की खबर है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए सिविल अस्पताल कुमारसैन पहुंचाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायलों को शिमला आई.जी.एम.सी. रैफर किया गया है।

भावानगर से धर्मशाला जा रही थी बस
सूचना के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त बस (नं. एच.पी. 69  4956) बिलासपुर डिपो की बताई जा रही है। बस भावानगर से धर्मशाला जा रही थी। हादसा इतना भयंकर था कि बस के परखचे उड़ गए हैं। दुर्घटना के बाद एस.एस.बी. कुमारसैन के जवानों, फायर ब्रिगेड कुमारसैन, होमगार्ड जवानों व स्थानीय लोगों की सहायता से खाई में गिरी बस से घायलों को निकाल कर अस्पताल पहुंचाया।

आवारा पशु को बचाने के चक्कर में हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि सड़क के बीच आवारा पशु आ गया था जिसे बचाने के चलते बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। अंधेरा होने के चलते राहत एवं बचाव कार्य में दिक्कतें पेश आ रही हैं। एस.एस.बी. कैंप के जवान मौके पर पहुंचे तथा बचाव कार्य को अंजाम दिया। रैस्क्यू अभियान में स्थानीय लोगों की भी मदद ली जा रही है। हादसे की पुष्टि डी.एस.पी. रामपुर देव कुमार नेगी ने बताया कि हादसें में अभी तक 4 यात्रियों की मौत तथा 21 यात्री घायल हुए हैं तथा बचाव कार्य  जारी हैं।