HRTC Bus Accident: चंबा में सवारियों से भरी बस पर गिरे पत्थर, मची चीख-पुकार

punjabkesari.in Wednesday, Apr 08, 2026 - 01:15 PM (IST)

हिमाचल डेस्क। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में भरमौर-हड़सर-कुगती रूट पर बुधवार सुबह एक एचआरटीसी (HRTC) बस दुर्घटना का शिकार होते-होते बची। भारी बारिश के कारण अचानक पहाड़ी से पत्थर गिरने लगे, जिसकी चपेट में हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस (HP-73-8780) आ गई। पत्थरों की मार से बस का अगला टायर सड़क से बाहर निकल गया और बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई की ओर बढ़ने लगी।

इस संकट की घड़ी में बस चालक ने गजब का धैर्य और सूझबूझ दिखाई। चालक ने तुरंत आपातकालीन ब्रेक लगाकर बस को रोक दिया। गनीमत यह रही कि सड़क के किनारे लगे क्रैश बैरियर ने बस को थाम लिया, जिससे वह नाले में गिरने से बच गई। यदि क्रैश बैरियर न होता, तो एक बड़ा हादसा हो सकता था।

घटना के समय बस में करीब 20 यात्री सवार थे। डरे हुए यात्रियों ने नीचे उतरकर जब मंजर देखा, तो वे दंग रह गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि चालक की त्वरित कार्रवाई ने सबकी जान बचा ली। पिछले 12 घंटों से इलाके में हो रही लगातार बारिश के चलते पहाड़ों से मलबा गिर रहा है, जिससे यह घटना हुई। सभी यात्रियों ने सुरक्षित बचा लेने के लिए चालक का आभार व्यक्त किया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Jyoti M

Related News