एच.आर.टी.सी. की ओर बढ़ा यात्रियों का रुझान

Friday, Dec 09, 2016 - 12:44 PM (IST)

धर्मशाला : अवैध रूप से चल रही निजी वोल्वो बसों पर कार्रवाई के बाद यात्रियों का झुकाव एच.आर.टी.सी. की बसों की ओर बढ़ा है। इससे लंबी दूरी की एच.आर.टी.सी. की बसों में यात्रियों का काफी हद तक इजाफा हो रहा है। अवैध रूप से चलाई जा रही निजी वोल्वो बसों पर कार्रवाई करने पर निगम को भी इससे आॢथक लाभ हुआ है। गौरतलब है कि यात्रियों को कम दर व बेहतर सुविधा का झांसा देकर निजी बस मालिक यात्रियों को अपनी बसों में सफर करवा रहे थे। हालांकि इस आड़ में गैर कानूनी धंधों को भी अंजाम दिया जा रहा था लेकिन निजी वोल्वो बसों पर परिवहन मंत्री जी.एस. बाली द्वारा स्वयं इन बसों पर कार्रवाई के बाद इन पर लगाम लगी है।

निगम की बसों में सुरक्षा की गारंटी
निजी वोल्वो बसों में सफर करने पर सुरक्षा की कोई गारंटी नहीं दी जाती लेकिन निगम की बसों में यात्रियों को सुरक्षा की पूरी गारंटी होती है। निगम अधिकारियों की मानें तो निगम की बसों में यात्रा करने पर सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार की अनहोनी पर सरकार द्वारा आर्थिक सहायता का प्रावधान है। गौरतलब है कि यात्री एच.आर.टी.सी. की लंबी दूरी या अन्य छोटे रूटों पर भी सफर करते हैं तो उन्हें सुरक्षा की निगम की ओर से पूरी गारंटी दी जाती है। किसी भी प्रकार की अनहोनी पर इसकी जिम्मेदारी निगम की होती है। निजी वोल्वो बसों पर कार्रवाई के बाद निगम की बसों की ओर यात्रियों का झुकाव हुआ है।