HRD मंत्री प्रकाश जावड़ेकर को मिला न्यौता, जल्द आएंगे हिमाचल

Friday, Feb 10, 2017 - 09:43 PM (IST)

शिमला: हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एच.पी.यू.) के 24वें दीक्षांत समारोह में केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे। विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह मार्च या अप्रैल माह में आयोजित होगा। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. ए.डी.एन. वाजपेयी ने शुक्रवार को प्रकाश जावड़ेकर से नई दिल्ली में मुलाकात कर उन्हें विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में आने का न्यौता दिया। उन्होंने इस न्यौते को स्वीकार कर समारोह में आने को लेकर अपनी सहमति दे दी, ऐसे में अब हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय आगामी दिनों में समारोह के आयोजन में जुट जाएगा।

2015-16 के सत्र के मेधावी विद्यार्थियों होंगे सम्मानित
वर्ष 2013 से हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में दीक्षांत समारोह नियमित रूप से आयोजित हो रहा है और पूर्व के शैक्षणिक सत्रों के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया जा चुका है और अब आगामी मार्च या अप्रैल में प्रस्तावित दीक्षांत समारोह में वर्ष 2015-16 के सत्र के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। दीक्षांत समारोह की तिथि जल्द तय कर ली जाएगी।

एच.पी.यू. की शैक्षणिक गतिविधियों से अवगत करवाया
प्रो. वाजपेयी ने केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर से मुलाकात के दौरान उन्हें हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की विभिन्न गतिविधियों से अवगत करवाया और विश्वविद्यालय द्वारा तैयार किए गए विजन 2020 बारे भी जानकारी दी। इसके अलावा विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों के अलावा अन्य जानकारी भी दी।