HPBOSE: एकलव्य मॉडल स्कूल चयन परीक्षा की Answer Key जारी, 16 अप्रैल तक दर्ज करवाएं आपत्तियां

punjabkesari.in Saturday, Apr 11, 2026 - 07:46 PM (IST)

धर्मशाला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने एकलव्य मॉडल रैजीडैंशियल स्कूल चयन परीक्षा-2026 के परिणामों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। बोर्ड ने इस परीक्षा की प्रोविजनल उत्तर कुंजी आधिकारिक वैबसाइट पर जारी करते हुए अभ्यर्थियों से आपत्तियां आमंत्रित की हैं। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि प्रदेश भर में 29 मार्च को आयोजित की गई इस चयन परीक्षा की चारों सीरीज की उत्तर कुंजियां अब बोर्ड की वैबसाइट पर उपलब्ध हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया गया है, ताकि अभ्यर्थी अपने प्रदर्शन का सही आकलन कर सकें। 

डॉ. राजेश ने बताया कि अभ्यर्थियों को किसी भी प्रश्न के उत्तर पर आपत्ति है तो वे 16 अप्रैल तक अपनी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। आपत्तियां दर्ज करवाने के लिए 2 विकल्प दिए गए हैं, जिसमें ई-मेल के माध्यम से व व्यक्तिगत रूप से भी किसी भी कार्य दिवस के दौरान बोर्ड कार्यालय में स्वयं उपस्थित होकर भी लिखित आपत्ति जमा की जा सकती है। उन्होंने कहा कि 16 अप्रैल की शाम 5 बजे के बाद प्राप्त होने वाली किसी भी आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा। डाक के माध्यम से आपत्ति भेजने वाले अभ्यर्थियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि उनके दस्तावेज समय रहते कार्यालय पहुंच जाएं।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News