मोदी-शाह करेंगे हिमाचल का दौरा, CEC की बैठक में कांग्रेस की टिकटों पर लग सकती है मोहर, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Sunday, Oct 09, 2022 - 07:14 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व गृहमंत्री अमित शाह हिमाचल दौरे पर आ रहे हैं। वहीं चम्बा दौरे के दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी की अध्यक्षता में 11 अक्तूबर को होने वाली सीईसी की बैठक में हिमाचल कांग्रेस की टिकटों पर मोहर लग सकती है। वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने सरकारी खर्चे पर भाजपा के केंद्रीय नेता व मंत्रियों की आवभगत करने का आरोप भाजपा पर लगाया है। हिमाचल में 2 दिन बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने बिलासपुर के लुहणू मैदान का नाम अटल बिहारी वाजपेयी स्पोर्ट्स काम्पलैक्स रखने की घोषणा की है, साथ ही महिलाओं के सम्मान को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है। कांगड़ा जिले के अंतर्गत आते बड़ा भंगाल में बैल्जियम के 2 ट्रैकरों के फंसने की सूचना है।

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

चम्बा आएंगे पीएम मोदी, गृहमंत्री अमित शाह करेंगे सिरमौर का दौरा
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 13 अक्तूबर को प्रस्तावित चम्बा दौरे की तैयारियों की समीक्षा के लिए बैठक का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री 13 अक्तूबर को चम्बा तो गृहमंत्री अमित शाह 15 अक्तूबर को सिरमौर दौरे पर आ रहे हैं। चम्बा में बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को प्रधानमंत्री के आकांक्षी जिले के दौरे को ऐतिहासिक बनाने के लिए पर्याप्त और पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

हिमाचल कांग्रेस की टिकटों पर 11 अक्तूबर को लग सकती है मोहर
हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस टिकटों की पहली सूची पर 11 अक्तूबर को मोहर लग सकती है। जानकारी है कि कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की बैठक 11 अक्तूबर को होनी है। कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी की अध्यक्षता में होने वाली सीईसी की बैठक में पार्टी टिकटों पर चर्चा होगी। सीईसी की बैठक में कांग्रेस 40 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर सकती है। 

कांग्रेस एक डूबता जहाज, अधिकांश नेता छोड़ रहे पार्टी : जयराम
भाजपा के कार्यक्रमों में उमड़ रही भीड़ को देखकर विपक्ष के नेता परेशान हैं। उन्हें चुनावों से पूूर्व ही हार का डर लग रहा है, जिसके कारण ही कांग्रेस के बड़े नेता पार्टी छोड़ रहे हैं। यह बात लिल्ह में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक डूबता हुआ जहाज है और उसके अधिकांश नेता पार्टी छोड़ रहे हैं क्योंकि वे जानते हैं कि कांग्रेस पार्टी एक भविष्यहीन, मुद्दाविहीन और नेतृत्वविहीन पार्टी है।

अटल बिहारी वाजपेयी स्पोर्ट्स काम्पलैक्स रखा जाएगा लुहणू मैदान का नाम
केंद्रीय युवा सेवाएं व खेल तथा सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने घोषणा की है कि शीघ्र ही बिलासपुर शहर के लुहणू मैदान में अंतर्राष्ट्रीय स्तर की हॉकी का स्तर बनाने के लिए एस्ट्रोटर्फ बिछाई जाएगी और इस खेल परिसर का नाम अटल बिहारी वाजपेयी स्पोर्ट्स काम्पलैक्स रखकर इसे जल, थल व नभ सभी प्रकार के खेलों के लिए केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। 

हिमाचल में 2 दिन बारिश-बर्फबारी की संभावना, जानिए कब तक खराब रहेगा मौसम
हिमाचल में मानसून के विदाई लेने के बाद भी लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में रविवार व सोमवार को बारिश व बर्फबारी का पूर्वानुमान है। प्रदेश की चोटियों पर जहां हल्के बर्फ के फाहे गिर सकते हैं, वहीं मध्यम, पर्वतीय एवं मैदानी इलाकों में बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने 9 और 10 अक्तूबर को प्रदेश में बारिश व बर्फबारी को लेकर यैलो अलर्ट जारी किया है।

कांग्रेस के लिए महिला सम्मान सिर्फ सोनिया गांधी तक सीमित : अनुराग ठाकुर
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने श्री नयनादेवी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत भाखड़ा दौरे के दौरान आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पर खूब तंज कसे। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार पंजाब में पूरी तरह से विफल हो चुकी है और पंजाब में भ्रष्टाचार गुंडागर्दी का बोलबाला है। पंजाब में सरकार आने के बाद 60 से ज्यादा हत्याएं वहां पर हो चुकी हैं। 

सरकारी खर्च पर हो रही भाजपा के केंद्रीय नेताओं व मंत्रियों की आवभगत : प्रतिभा सिंह
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने राज्य सरकार पर आरोप लगाया कि हिमाचल प्रदेश में सत्ताधारी भाजपा सरकारी मशीनरी का जमकर दुरुपयोग कर रही है। प्रदेश में सरकारी खर्च पर भाजपा के केंद्रीय मंत्रियों व नेताओं की आवभगत की जा रही है। इस पर करोड़ों रुपए पानी की तरह बहाए जा रहे हैं। उन्होंने चुनाव आयोग से इसका कड़ा संज्ञान लेते हुए सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग पर तुरंत रोक लगाने की मांग की है।

4 लाख रुपए का गेहूं बेचकर मुंशी फरार, व्यापारी ने पुलिस में दर्ज करवाया मामला
गेहूं फसल की खरीद व बेचने का काम करने वाले एक व्यक्ति का मुंशी गेहूं की खरीद के 415500 रुपए की नकद राशि लेकर फरार हो गया है। इसकी शिकायत गेहूं के व्यापारी राजेंद्र प्रसाद निवासी कीरतपुर जिला रोपड़ (पंजाब) निवासी ने बरमाणा पुलिस थाना में कर दी है। अपनी शिकायत में उसने बताया कि ट्रक में कीरतपुर से गेहूं लाद कर शोघी (शिमला) भेजा। इस ट्रक में झारखंड निवासी उसका मुंशी भी गेहूं बेचने के लिए गया।

बैल्जियम के 2 ट्रैकर बड़ा भंगाल में फंसे, 4 दिन से चट्टान के नीचे ले रखी है शरण
बैल्जियम के 2 ट्रैकर बड़ा भंगाल हिमाच्छादित क्षेत्र में फंस गए हैं। जानकारी अनुसार ये ट्रैकर पिछले 5 दिनों से बड़ा भंगाल घाटी के ऊपरी क्षेत्र में फंसे हुए हैं, ऐसे में अब जिला प्रशासन ने फंसे हुए ट्रैकर को रैस्क्यू करने के लिए भारतीय वायुसेना से चौपर उपलब्ध करवाने का आग्रह किया है। वहीं जिला प्रशासन फंसे हुए ट्रैकर के संपर्क में भी है। 

मेरा टिकट पहले ही फाइनल, कुछ लोग कर रहे षड्यंत्र : कौल सिंह
द्रंग विधानसभा से कांग्रेस पार्टी ने मेरा टिकट पहले ही फाइनल कर लिया था लेकिन कुछ कांग्रेस और कुछ भाजपा के लोग भ्रांतियां फैलाने कर षड्यंत्र कर रहे हैं जोकि नाकाम होंगे। यह बात कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने पंडोह में पीडब्ल्यूडी के रैस्ट हाऊस में आयोजित कार्यक्रम के बाद कही। उन्होंने कहा कि कुछ लोग षड्यंत्र करने में लगे हैं लेकिन द्रंग विधानसभा से उनका और मंडी सदर से चंपा ठाकुर का टिकट तय है।

विश्व शांति सुनिश्चित करने के लिए लोकतंत्र सबसे प्रभावी आधार : दलाईलामा
इस वर्ष के नोबेल शांति पुरस्कार के विजेताओं की घोषणा के बाद तिब्बती धर्मगुरु दलाईलामा ने बेलारूस से एलेस बियालियात्स्की को हार्दिक बधाई व्यक्त की। उन्होंने अपने पत्र में लिखा कि उनमें से प्रत्येक यह स्वीकार करता है कि सभी मनुष्यों को अभाव से मुक्ति और भय से मुक्ति का अधिकार है और मानव अधिकार समावेशी, अन्योन्याश्रित और सार्वभौमिक हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News