हिमाचल लोक सेवा आयोग को मिला नया अध्यक्ष, 8 जिलों में बाढ़ का खतरा, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

Thursday, Aug 25, 2022 - 07:27 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश का कहर जारी है। आने वाले 24 घंटों में प्रदेश के 8 जिलों में बाढ़ का खतरा बताया गया है। आईपीएस रामेश्वर सिंह ठाकुर को सरकार ने हिमाचल लोक सेवा आयोग का नया अध्यक्ष बनाया है। वहीं मांगें पूरी न होने पर खफा कम्प्यूटर शिक्षक संघ ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। चम्बा जिले में बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। हिमाचल के युवा ने चेन्नई में हुए किक बॉक्सिंग स्पर्धा में गोल्ड और सिल्वर मैडल जीत कर राज्य का नाम रोशन कर दिया है।

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

कम्प्यूटर शिक्षक संघ ने सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा
हिमाचल प्रदेश कम्प्यूटर शिक्षक संघ ने प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कम्प्यूटर शिक्षक संघ के महासचिव अश्वनी शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार ने हर वर्ग के लिए पॉलिसी बनाई गई लेकिन कम्प्यूटर शिक्षक 24 वर्षों से अपनी सेवाएं दे रहे हैं लेकिन उनके सरकार ने कोई कारगर नीति नहीं बनाई है।

ओपीएस बहाली पर मुख्यमंत्री ने कहा-इसके लिए हम दोषी नहीं
यह प्रदेश हम सबका है और यह भाव सभी के मन में होना चाहिए। दोषी न होकर दोष डालने की कोशिश होती है और ऐसा नहीं होना चाहिए। आज बड़ा मसला ओपीएस की बहाली का है। यह मसला हिमाचल में ही नहीं, बल्कि पूरे देश में बना हुआ है। अपने और परिवार के बेहतर भविष्य की कल्पना करना कोई अपराध नहीं है। जिस प्रकार से दोषी बनाकर यह कहने की कोशिश हो रही है कि यह हम ही ने नहीं लागू किया, यह ठीक नहीं है। 

हिमाचल के 8 जिलों में बाढ़ का खतरा, 28 अगस्त तक यैलो अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश का कहर जारी है। मौसम विभाग के अलर्ट के बीच बीती रात से प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश हो रही है। भारी बारिश के चलते प्रदेश में भारी नुक्सान हुआ है। जगह-जगह भूस्खलन से बुधवार शाम तक 107 सड़कें ठप्प रहीं, वहीं 227 बिजली ट्रांसफार्मरों में बिजली व्यवस्था ठप्प रही। इसके अतिरिक्त 44 पेयजल योजनाएं भी प्रभावित रहीं।

चेन्नई में छाया हिमाचली गबरू, किक बॉक्सिंग में गोल्ड और सिल्वर मैडल जीते
किक बॉक्सर अखिल ठाकुर ने चेन्नई में 18 से 22 अगस्त तक चली किक बॉक्सिंग राष्ट्रीय स्पर्धा में 2 अलग-अलग प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया, जिनमें से किक बॉक्सिंग में गोल्ड मैडल तथा लाइट कांटैक्ट में सिल्वर मैडल प्राप्त किया है। इस राष्ट्रीय स्पर्धा में संपूर्ण भारतवर्ष से खिलाड़ी इन प्रतियोगिताओं में भाग लेने आए थे जिसमें से अखिल ठाकुर एकमात्र खिलाड़ी हैं, जिन्होंने 2 मैडल प्राप्त किए हैं।

IPS रामेश्वर सिंह ठाकुर होंगे HPPSC के नए अध्यक्ष
आईपीएस अधिकारी रामेश्वर सिंह ठाकुर हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग के नए अध्यक्ष होंगे। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर उनको दोपहर 2 बजे राजभवन में शपथ दिलाएंगे। शिमला के जुब्बड़हट्टी (शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र) से संबंध रखने वाले रामेश्वर सिंह ठाकुर 9 वर्ष तक प्रधानमंत्री के विशेष सुरक्षा बल एसपीजी में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। 

हिमाचल को ऊर्जा क्षेत्र में 2000 करोड़ का प्रोजैक्ट मंजूर
हिमाचल में आने वाले 5 साल में ऊर्जा के क्षेत्र में सुधार होंगे। इसके लिए प्रदेश को बिजली क्षेत्र में विश्व बैंक की ओर से 2000 करोड़ का प्रोजैक्ट मंजूर हुआ है। प्रोजैक्ट के तहत 1600 करोड़ की राशि केंद्र सरकार के माध्यम से विश्व बैंक मंजूर करेगा जबकि हिमाचल को 400 करोड़ की हिस्सेदारी अपनी डालनी पड़ेगी। प्रोजैक्ट की अवधि 2023 से लेकर 2028 तक रहेगी। 

हिमाचल में लंपी वायरस का कहर जारी, 3035 नए मामले आए सामने
हिमाचल प्रदेश में लंपी स्किन वायरस का कहर जारी है। राज्य में लगातार पशुओं में वायरस के मामले लगातार बड़ रहे हैं। गत 24 घंटों के अंदर लंपी वायरस के 3035 नए मामले आए हैं। इसी के साथ प्रदेश में लंपी स्किन वायरस संक्रमित पशुओं की संख्या 21496 हो गई है। हालांकि इसमें से 4445 पशु इस वायरस से ठीक भी हो चुके हैं, ऐसे में राज्य में 16629 अभी भी इस वायरस से संक्रमित हैं, जिनका उपचार चल रहा है।

विधायक विक्रमादित्य का बना डाला फर्जी इंस्टा अकाऊंट, पैसों की डिमांड
साइबर शातिरों ने प्रदेश कांग्रेस के महासचिव एवं विधायक विक्रमादित्य सिंह का इंस्टाग्राम पर फर्जी अकाऊंट बना डाला है। इसके माध्यम से आरोपी रैली के लिए पैसे मांग रहे हैं। फर्जी अकाऊंट की जानकारी मिलने के बाद विक्रमादित्य सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर सभी को सचेत रहने के लिए कहा है। 

खेत में खेल रही बच्ची के साथ हैवानियत की हदें पार
चम्बा जिले के उपमंडल सलूणी के अंतर्गत आते एक गांव में एक बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। वहीं वारदात को अंजाम देने बाद आरोपी मौके से फरार हो गया है। पीड़िता की माता ने इस बाबत पुलिस थाना किहार में मामला दर्ज करवाया है और पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। 

ऊना में रेलवे पुल के नीचे मिला पूर्व CRPF जवान का शव
सदर थाना ऊना के बारसड़ा में 32 वर्षीय युवक का शव रेलवे पुल के नीचे खड्ड के पानी से बरामद किया गया। मृतक के सिर व माथे पर चोट के निशान भी है। मृतक की पहचान देवेंद्र कुमार निवासी होशियारपुर, पंजाब के रूप में हुई है जोकि पूर्व में सीआरपीएफ का जवान रह चुका है। मौजूदा समय में युवक सीआरपीएफ की नौकरी छोड़कर ऊना में बतौर पेंटर का काम करता था। 

Content Writer

Vijay