बिलासपुर में बरपा कुदरत का कहर, मंडी में अढ़ाई साल की बेटी के साथ फंदे पर झूल गई मां, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

Saturday, Jul 09, 2022 - 07:08 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में बादल फटने की घटना से लाखों का नुक्सान हुआ है। मंडी जिले में एक महिला ने अपनी अढ़ाई साल की बेटी के साथ फंदा लगा लिया। प्रदेश में कोराेना के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। प्रदेश में कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पहली पुण्यतिथि संकल्प दिवस के रूप में मनाई। ऊना जिले में 3 लोगों ने बच्चा चोरी करने का प्रयास किया। कांगड़ा जिले में एक व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या कर दी गई।

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

महिला ने अढ़ाई साल की बेटी के साथ फंदा लगाकर दी जान
छातर पंचायत में 20 वर्षीय महिला ने अढ़ाई साल की बच्ची को फंदे पर लटकाकर खुद भी फंदा लगाकर अपनी जान दे दी है। देर शाम घटना की सूचना मिलने पर मायका पक्ष की ओर से 20-22 लोग बेटी के ससुराल पहुंच गए और खूब हंगामा किया, जिसके बाद पुलिस ने पति और सास-ससुर को हिरासत में ले लिया है। डिंपल कुमारी (20) पत्नी विनय कुमार अपने कमरे में पंखे से बेटी के साथ फंदे पर झूलती हुई पाई गई।

हिमाचल में कोरोना के 191 नए पॉजिटिव मामले
हिमाचल प्रदेश में एक्टिव मरीजों का आंकड़ा 1 हजार से ऊपर चला गया है। इन दिनों 100 से ऊपर ही रोजाना पॉजिटिव मामले आ रहे हैं। बीते 24 घंटे के अंदर प्रदेश में कोरोना के 191 नए पॉजिटिव मामले आए हैं। संक्रमितों में बिलासपुर के 11, चम्बा के 20, हमीरपुर के 26, कांगड़ा के 36, किन्नौर के 2, कुल्लू के 38, लाहौल-स्पीति का 1, मंडी के 17, शिमला के 22, सिरमौर के 8, सोलन के 9 व ऊना का 1 मरीज शामिल है। 

बिलासपुर के कुहमझवाड़ में बादल फटने से तबाही
गत देर रात हुई भारी बारिश से सदर विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाली कुहमझवाड़ पंचायत के गांव भगौट में नाला पड़गेल में बादल फटने से भारी तबाही हुई। यह घटना देर रात करीब 3 बजे घटित हुई बताई जा रही है। गत रात बारिश के दौरान जोरदार धमाके की आवाज सुनकर लोग कांप उठे और जब बाहर आकर देखा तो नाला पड़गेल में बाढ़ आ गई थी।

ऊना के लालसिंगी में बच्चा चोरी करने का प्रयास
जिला मुख्यालय के साथ सटे गांव लालसिंगी में चंडीगढ़-धर्मशाला नैशनल हाईवे पर एक घर से बच्चा चोरी किए जाने के प्रयास का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों ने बच्चा चोरी करने का प्रयास करने के आरोप में 3 लोगों को धर दबोचा और उनकी जमकर धुनाई करने के बाद उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। 

फतेहपुर के तलाड़ा में व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या
विधानसभा फतेहपुर के तलाड़ा में देर रात एक व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या करने का मामला सामने आए है। वहीं पुलिस चाकू मारने वाले को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान ओंकार सिंह उर्फ सोनी के रूप में की गई है। वह दिहाड़ी-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। मृतक अपने पीछे पत्नी, बेटा (9) व बेटी (7) को छोड़ गया है। 

कांग्रेस ने संकल्प दिवस के रूप में मनाई पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पहली पुण्यतिथि
पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह की पहली पुण्यतिथि को कांग्रेस ने संकल्प दिवस के तौर पर मनाया। इसके साथ ही प्रदेश भर में कार्यक्रम आयोजित किए गए। शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान स्थित गेयटी थियेटर में सर्वधर्म सभा का आयोजन किया। इस दौरान लोगों ने नम आंखों से वीरभद्र सिंह को याद किया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। 

पुलिस भर्ती पेपर लीक मामले सोलन पुलिस ने 29 आरोपियों के खिलाफ दायर की चार्जशीट
हिमाचल पुलिस कांस्टेबल भर्ती लिखित परीक्षा पेपर लीक केस में तीसरी चार्जशीट अदालत में दायर की गई है। जिला सोलन पुलिस ने शुक्रवार को सीजेएम कोर्ट अर्की में 29 आरोपितों के खिलाफ चार्जशीट दायर की है। इनमें 19 आरोपी सोलन, 2 मंडी, 1 हरियाणा और 7 बिहार से संबंध रखते हैं। इससे पहले कांगड़ा पुलिस 91 और सीआईडी 61 आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दायर कर चुकी है।

फर्जी सीबीआई अधिकारी बनकर लोगों से की ठगी
ददाहू पुलिस ने एक फर्जी सीबीआई अधिकारी को हिरासत में लिया है। वह अपनी पहचान एक सीबीआई अधिकारी की बताकर लोगों को ठग रहा था। जसवंत सिंह पुत्र सालकु राम निवासी जरग ने थाना रेणुकाजी में शिकायत दर्ज करवाई थी कि एक व्यक्ति जो अपना नाम खुशाल शर्मा बताता है और खुद को सीबीआई का एक अधिकारी बता रहा है। 

सोलन में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पुण्यतिथि पर उलझे कांग्रेसी
विधानसभा चुनाव में सिर्फ 4 महीने का समय बाकी है लेकिन कांग्रेस में एकजुट दिखाई ही नहीं दे रही है। मौका था पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की पहली पुण्यतिथि का। इस दौरान सारे कांग्रेसी पीडब्ल्यूडी रैस्ट हाऊस में इकट्ठे हुए थे। शोक सभा का आयोजन किया गया और सभी ने वीरभद्र सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की।

शिमला से बहला-फुसलाकर महिला को उत्तराखंड ले गए 2 व्यक्ति
एक महिला के साथ 2 व्यक्तियों द्वारा दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला ने महिला थाना न्यू शिमला में मामला दर्ज करवाया है। महिला ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि कुछ दिन पहले उसे 2 व्यक्ति जिनके नाम संजू और मनोज हैं, शिमला से बहला-फुसलाकर उत्तराखंड के त्यूणी ले गए। यहां पर दोनों ने महिला से जबरन दुष्कर्म किया। 

Content Writer

Vijay