जोगिंद्रनगर में मचा हड़कंप! घर हुए तबाह... लोग सुरक्षित स्थानों पर किए शिफ्ट, इस गांव को भी करवाया खाली

punjabkesari.in Wednesday, Sep 03, 2025 - 11:40 AM (IST)

हिमाचल डेस्क (रजनीश) । हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के जोगिंद्रनगर में एक बड़ा हादसा हुआ है। यहां की नेर घरवासड़ा पंचायत में अचानक भूस्खलन होने से 22 परिवार प्रभावित हुए हैं। इस घटना के बाद पूरे इलाके में डर का माहौल है। इनमें से 10 घर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। राहत की बात यह है कि इस प्राकृतिक आपदा में किसी भी व्यक्ति की जान का नुकसान नहीं हुआ है, हालांकि एक गाय भूस्खलन की चपेट में आकर दब गई है।

प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और लोगों की मदद में जुट गई। नेर गांव में भी खतरा देखते हुए लोगों को सुरक्षित जगहों पर भेजा गया है। एसडीएम जोगिंद्रनगर, मनीष चौधरी और तहसीलदार, डॉ. मुकुल अनिल शर्मा खुद राहत और बचाव कार्यों की देखरेख कर रहे हैं।

पंचायत प्रधान रीना ने बताया कि इस भूस्खलन में एक पशु भी मलबे में दब गया है और घरों को भारी नुकसान हुआ है। जिन परिवारों के घर टूटे हैं, उन्हें सुरक्षित जगह पर शिफ्ट किया जा रहा है। प्रशासन ने सभी प्रभावित परिवारों को हर तरह की मदद देने का वादा किया है।

नेर घरवासड़ा पंचायत के कुंडूनी गांव में भी भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। लगातार जमीन धंसने के कारण प्रशासन ने एहतियात के तौर पर इस गांव को भी खाली करवा दिया है। लोगों को सुरक्षित जगहों पर भेजा जा रहा है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। प्रशासन की टीमें लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए हैं और लोगों की मदद कर रही हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Jyoti M

Related News