स्लम एरिया बना डेंगू का घर, अब तक आ चुके हैं 47 मामले (Video)

Wednesday, Jul 18, 2018 - 01:44 PM (IST)

परवाणु (राजीव): शहर के ई.एस.आई. अस्पताल में डेंगू के 12 नए मामले आए हैं। इनमें से 6 कालका तथा 6 परवाणु शहर व इसके साथ लगते स्लम एरिया से हैं। परवाणु व इसके आसपास के क्षेत्रों में स्लम एरिया डेंगू का घर बना हुआ है। यहां के स्लम एरिया में न तो कोई शौचालय है और न ही सफाई व्यवस्था ठीक है। हैरानी की बात तो यह है कि शहर में डेंगू का प्रकोप पिछले करीब 3 वर्षों से बढ़ रहा है। हालांकि यहां पर डेंगू से निपटने के लिए प्रशासन द्वारा फोगिंग की जाती है, साथ ही जागरूकता अभियान चलाया जाता है लेकिन इसके बावजूद डेंगू थमने का नाम नहीं ले रहा है। ई.एस.आई. अस्पताल में अभी तक कुल 47 डेंगू के मामले आ चुके हैं। 


टकसाल पंचायत का हाल खराब
टकसाल पंचायत के समीप स्थित स्लम एरिया में स्थिति काफी खराब है। यहां पर रहने वाले लोग शौचालय न होने के कारण खुले में शौच कर रहे हैं और सफाई व्यवस्था भी चरमराई हुई है। यह स्लम एरिया किसी की निजी जमीन में है और यहां रहने वाले लोग बाकायदा रहने के लिए किराया भी देते हैं। इसी तरह पूरला का भी हाल कुछ ऐसा ही है। यहां से भी अभी तक कई डेंगू के मामले सामने आ चुके हैं।


बढ़ते जा रहे मामले
शहर में डेंगू से निपटने के लिए नगर परिषद द्वारा फोगिंग की जा रही है लेकिन यहां पर डेंगू के मामले कम होने की बजाय बढ़ते जा रहे हैं। इससे मच्छर तो मर रहे हैं पर जहां डेंगू के मच्छर पैदा हो रहे हैं वहां पर उन्हें खत्म करने के लिए कोई इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं। 


डी.सी. ने किया स्लम एरिया का दौरा 
सोमवार देर शाम को डी.सी. सोलन विनोद कुमार ने परवाणु के साथ लगते स्लम एरिया का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने वहां पर रहने वाले लोगों से बात की और उन्हें डेंगू के प्रति जागरूक किया।  


 

Ekta