भू-स्खलन से मकान पर छाए खतरे के बादल, टैंट लगाकर रहने को मजबूर हुआ परिवार

Sunday, Aug 26, 2018 - 05:07 PM (IST)

पधर: उपमंडल की पंचायत कुन्नू के चैहड़ गांव में एक बड़े भू-भाग के दरकने से मकान पूरी तरह खतरे की जद्द में आ गया है, वहीं मकान के साथ बनी गऊशाला और पशुओं के चारे के लिए बनाए गए स्टोर को भी क्षति पहुंची है। शनिवार रात को हुई भारी बारिश के कारण रघुनाथ सिंह यादव पुत्र सौहणु राम यादव के घर के आगे लगभग 200 मीटर भू-भाग दरकने से सीढ़ीनुमा खेतों व दर्जनों पेड़ों का कोई नामोनिशान नहीं बचा है। ल्हासे का मलबा लगातार नीचे खिसक रहा है, जिससे 15 कमरों के बने दोमंजिला मकान को भी खतरा बना हुआ है।

स्लाइडिंग प्वाइंट पर लगाए 8 तिरपाल
पंचायत प्रधान प्रेम सिंह प्रीतू, उपप्रधान हरदेव सिंह ठाकुर ने गांव में हुए नुक्सान का जायजा लेकर प्रशासन को सूचित कर दिया है। प्रशासन की ओर से ग्रामीण राजस्व अधिकारी शिंगार ने नुक्सान का जायजा लेकर तहसीलदार पधर के माध्यम से एस.डी.एम. को सूचित कर दिया है। प्रशासन द्वारा जारी किए गए 2 तिरपाल सहित अतिरिक्त 8 तिरपाल स्लाइडिंग प्वाइंट पर मकान की सुरक्षा को लगाए गए हैं।

पंचायत ने प्रस्ताव के माध्यम से की सुरक्षा की मांग
उन्होंने कहा कि मकान को बने खतरे से बचाव को लेकर रिटायर अधिशासी अभियंता डी.सी. यादव से मौका करवाया गया है। पंचायत प्रधान प्रेम सिंह ने कहा कि गांव में हुए नुक्सान को लेकर पंचायत ने प्रस्ताव के माध्यम से जिला भू-संरक्षण अधिकारी मंडी से यहां पुख्ता प्रबंध करने की मांग की है। 

Vijay