मनाली के जगतसुख में भूस्खलन से दोमंजिला मकान क्षतिग्रस्त, गाय सहित 9 कुत्ते मलबे में दबे

Tuesday, Mar 19, 2024 - 06:41 PM (IST)

मनाली (सोनू): कुल्लू जिला के मनाली उपमंडल के जगतसुख गांव में भूस्खलन होने से दोमंजिला मकान क्षतिग्रस्त हो गया है। आधी रात को हुए इस हादसे में एक गाय सहित 25 कुत्ते मलबे की चपेट में जिनमें से अब तक 16 कुत्तों को जीवित निकाल लिया है। गाय सहित 9 कुत्ते अभी भी मलबे में दबे हुए हैं। घर के अंदर रह रहे पति व पत्नी भाग्यशाली रहे। नवदीप सिंह पुत्र सतगुरु सिंह निवासी गांव व डाकघर हरिपुर तहसील मनाली जिला कुल्लू ने बताया कि वह शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त हुए हैं। उन्होंने बताया कि उनकी पुत्री गायत्री ने जगतसुख के नागनी नाले के पास योगिंद्र व नितेंद्र का दोमंजिला मकान किराए पर लिया है। गायत्री यहां एनजीओ सहित जानवरों का रैस्क्यू सैंटर चलाती है। 

नवदीप ने बताया कि वह अपनी पत्नी व बेटी के साथ जगतसुख में रहते हैं। उनके साथ एक गाय व 25 कुत्ते भी इसी मकान में रहते थे। उन्होंने बताया कि वह और उनकी पत्नी सोए हुए थे कि रात को जोरदार धमाका हुआ। हमें लगा कि भूकंप आया है लेकिन जब उठकर देखा तो पहाड़ी में हुए भूस्खलन का मलबा घर में आ गया है। भूस्खलन से घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपने घर में काम करने वाले व्यक्ति को उक्त घटना की जानकारी दी। काम करने वाला व्यक्ति 3-4 लोगों के साथ आया तथा उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। 

भूस्खलन से एक गाय व 25 कुत्ते मलबे में दब गए। घर का सारा सामान भी मलबे में दब गया है। भूस्खलन से लगभग 70 लाख रुपए का नुक्सान हुआ है। भनारा गांव के इंद्रदेव के बगीचे में भूस्खलन का मलबा पहुंचने से सेब के 20 पेड़ क्षतिग्रस्त हुए हैं। एसडीएम मनाली रमन कुमार शर्मा ने बताया कि भूस्खलन से गाय व कुत्ते मलबे में दब गए थे। प्रशासन ने पुलिस व ग्रामीणों की मदद से रैस्क्यू अभियान चलाकर 16 कुत्तों को जिंदा बचा लिया है जबकि एक गाय सहित 9 कुत्ते मलबे की चपेट में आ गए हैं। रैवेन्यू विभाग नुक्सान का आकलन कर रहा है। प्रभावित किराएदार गायत्री सहित मकान मालिक नितेंद्र व योगिंदर को 10-10 हजार रुपए की फौरी राहत दे दी गई है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay