छराबड़ा में भवन का जायजा लेकर वापस लौटीं सोनिया व प्रियंका
punjabkesari.in Monday, Nov 28, 2016 - 02:08 AM (IST)

कुफरी: राष्ट्रीय कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी व उनकी बेटी प्रियंका वाड्रा अपने 4 दिवसीय शिमला के निजी दौरे के बाद आज सुबह वापस लौट गईं। प्राप्त जानकारी के अनुसार आज सुबह करीब सवा 10 बजे वे होटल वाइल्ड फ्लावर हाल से कल्याणी हैलीपैड के लिए रवाना हुईं, जहां पहले से ही हैलीकॉप्टर पहुंचा हुआ था लेकिन इस बीच वे दोनों कल्याणी हैलीपैड से वापस होटल पहुंचीं फिर दोबारा वे कल्याणी हैलीपैड गईं, वहां से हैलीकॉप्टर में बैठकर चंडीगढ़ के लिए रवाना हुईं।
बता दें कि 24 नवम्बर को राष्ट्रीय कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी व प्रियंका वाड्रा अपनी वास्तुकार कोहलिका के साथ शिमला आई थीं और शिमला के समीप ओबराय ग्रुप के बने होटल वाइल्ड फ्लावर हाल में ठहरी थीं। इस दौरान उन्होंने गत 3 दिनों तक छराबड़ा में बनाए जा रहे अपने भवन के निर्माण कार्य का जायजा लिया तथा आगामी कार्य को लेकर वास्तुकार के साथ विचार-विमर्श किया। इस दौरान उन्होंने अब तक किए गए निर्माण कार्य को भी देखा तथा जो कार्य उन्हें पसंद नहीं आया उसे दोबारा से ठीक करवाने को कहा।