भरी सर्दी में बेघर हुए 2 परिवार, कैसे कटेंगी सर्द रातें

Sunday, Jan 08, 2017 - 10:01 PM (IST)

धर्मपुर: जहां लोग इस कड़ाके की सर्दी में घरों में दुबकने को मजबूर हैं वही धर्मपुर की धवाली पंचायत के धवाली में शनिवार रात को 3 कमरों वाले स्लेटपोश मकान में लगी आग ने 2 परिवारों को बेघर कर दिया। यह मकान गोविंद राम पुत्र मोनी राम और संतोष कुमार पुत्र शेर सिंह का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार रात को करीब 11 बजे अचानक घर में आग लग गई। उस दौरान दोनों परिवारों के सभी लोग पड़ोस में बीमार बुजुर्ग को देखने गए थे। जब वे वापस आए तो उन्होंने देखा कि घर से आग की लपटें निकल रहीं थीं। शोर मचाने पर गांव के लोगों ने मिलकर आग पर काबू पाया परंतु तब तक 3 कमरों सहित उनमें रखा गया हजारों रुपए का सामान भी राख चुका था।

प्रभावित परिवारों को मिलेगी राहत राशि  :  एस.डी.एम.
घटना की सूचना मिलते ही कानूनगो कृष्ण पाल और पटवारी हलका रणवीर सिंह ने रविवार को मौके पर जाकर नुक्सान का जायजा लेकर रिपोर्ट तैयार की। पंचायत प्रधान सरोज ठाकुर उपप्रधान शशि कुमार, राजमल ठाकुर ने प्रशासन से प्रभावित परिवार को उचित राहत देने की मांग की है। एस.डी.एम. धर्मपुर किशोरी लाल ने कहा कि पटवारी हलका को नुक्सान की रिपोर्ट बनाने के आदेश कर दिए है शीघ्र ही प्रभावित परिवारों को राहत राशि दे दी जाएगी।