मात्र एक चिकित्सक के सहारे अस्पताल, महिलाओं को फर्श पर बैठकर करना पड़ रहा बारी का इंतजार

Thursday, Aug 29, 2019 - 01:22 PM (IST)

सोलन(रवीन्द्र): क्षेत्रीय अस्पताल में गायनी ओ.पी.डी. में गर्भवती महिलाओं व महिला मरीजों की संख्या अधिक होने और मात्र एक चिकित्सक होने के कारण महिलाओं को फर्श पर बैठकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है। गौर हो कि क्षेत्रीय अस्पताल में महिला मरीजों की ओ.पी.डी. अधिक होने के कारण यहां हमेशा 2 व अधिक चिकित्सकों की जरूरत रहती है। कुछ समय पहले यहां 2 चिकित्सक तैनात थे तो महिलाओं को अच्छी सुविधाएं मिल पा रही थीं लेकिन एक चिकित्सक के यहां से तबादले के बाद गर्भवती महिलाओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

मरीजों की संख्या को देखते हुए यहां अधिक बैंच भी लगाए गए हैं लेकिन वे भी कम पड़ जाते हैं। इसके कारण यहां महिलाओं को फर्श पर बैठकर इंतजार करना पड़ता है। अस्पताल में एक ही स्त्री रोग विशेषज्ञ है, जिसके जिम्मे आप्रेशन, वार्ड व एमरजैंसी ड्यूटी भी है। इसके अलावा यहां सैंकड़ों महिलाएं रोजाना ओ.पी.डी. में आती हैं, जिससे चिकित्सक पर भी काम का दबाव बढ़ गया है। समय पर चिकित्सक व इलाज न मिल पाने के कारण अधिकतर महिलाओं को निजी क्लीनिकों की शरण में जाना पड़ रहा है।

Edited By

Simpy Khanna