मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का सम्मान समारोह आज, कर्मचारियों को बड़े तोहफे की उम्मीद

punjabkesari.in Saturday, Apr 02, 2022 - 11:54 PM (IST)

 शिमला (कुलदीप): हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ की तरफ से 3 अप्रैल को किए जा रहे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के सम्मान समारोह पर राज्य के कर्मचारियों की निगाहें टिकी हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि कर्मचारियों का एक वर्ग नए वेतनमान के कारण सामने आई विसंगतियों को दूर करने की मांग कर रहा है। इसमें सबसे बड़ी विसंगति 2 साल के राइडर को समाप्त करने की है। यदि मुख्यमंत्री की तरफ से इसकी घोषणा की जाती है तो इससे कर्मचारियों के बड़े वर्ग को लाभ मिलेगा। इसके अलावा कर्मचारियों की दूसरी बड़ी मांग पुरानी पैंशन को बहाल करने की है, लेकिन खराब वित्तीय हालत को ध्यान में रखकर सरकार इसकी घोषणा करने से पीछे हट रही है। इसके 2 कारण हैं, जिसमें पहला कारण प्रदेश की खराब वित्तीय हालत है और दूसरा यह कि इस मांग को पूरा करने से भाजपा शासित दूसरे राज्यों पर भी इसके लिए दबाव बढ़ जाएगा। अब तक पुरानी पैंशन को बहाल करने की बात प्रदेश के प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस ने की है, जिससे सत्तारूढ़ भाजपा परेशानी में है। अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ ने शिमला के होटल पीटरहॉफ में किए जा रहे मुख्यमंत्री के सम्मान समारोह में 10 हजार कर्मचारियों की भीड़ जुटाने का लक्ष्य रखा है।

मुख्यमंत्री ने कर्मचारी हित में लिए बड़े निर्णय : अश्विनी ठाकुर

हिमाचल प्रदेश अरापजत्रित कर्मचारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कर्मचारी हित में बड़े निर्णय लिए हैं। ऐसे में महासंघ की तरफ से उनका सम्मान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों को नए वेतनमान का लाभ देकर बड़ी राहत दी है। इसके अलावा कर्मचारियों को इसका लाभ लेने के लिए 3 विकल्प दिए हैं। महासंघ की अन्य मांगों पर भी मुख्यमंत्री सहानुभूतिपूर्वक विचार कर रहे हैं, जिसके शीघ्र पूरा होने की उम्मीद है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News