होमगार्ड जवान पर गोली चलाने वाला युवक पुलिस ने दबोचा

Saturday, Dec 14, 2019 - 11:27 AM (IST)

कुल्लू (दिलीप): हिमाचल प्रदेश में पुलिस ने होमगार्ड जवान पर गोली चलाने वाले आरोपी को दबोच लिया है। बता दें कि मनाली पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत रात्रि गश्‍त के दौरान पुलिस को सफलता मिली है। गोलीकांड के मुख्य आरोपी(शुभम) को उसके दोस्तों ने मनाली के अलेउ में होटल में छिपाकर रखा था। पुलिस ने शुभम के साथ उन दोनों युवकों को भी गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार देर रात को होमगार्ड के जवान पर गोली चलाने के बाद 23 वर्षीय शुभम पनवर निवासी टनक कॉलोनी डाक संरक्षक पीएस विकास नागर जिला देहरादून, उत्तराखंड मौके से फरार हो गया।

उसे उसके दोस्त 26 वर्षीय विकास राणा निवासी ठारू बैजनाथ जिला कांगड़ा व 26 वर्षीय प्रीत निवासी लालगोपाल गंज जिला प्रतापगढ़ ने कमरे में छुपा रखा था। एसपी कुल्लू गौरव सिंह ने बताया कि होमगार्ड के जवान नरेश कुमार पर गोली चलाने वाले उत्तराखंड निवासी शुभम को मनाली अलेउ गांव से एक होटल से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस पूछताछ में दोनों युवकों ने गुमराह किया इसलिए दोनों दोस्तों को भी गिरफ्तार किया गया है। छानबीन में इस बात का खुलासा भी हुआ है कि शुभम पर विकासनगर में एक चोरी का मामला भी दर्ज है।
 

kirti