होमगार्ड जवान के खिलाफ शिकायत लेकर SP के पास पहुंचा फौजी, CCTV ने खोली पूरी पोल

Saturday, Nov 09, 2019 - 11:23 AM (IST)

 

ऊना (विशाल): रैड लाइट चौक पर रैड लाइट जम्प करने को लेकर एक फौजी व्यक्ति और होमगार्ड जवान के बीच माहौल तनावपूर्ण हो गया। शिकायत लेकर फौजी सीधे एस.पी. कार्यालय जा पहुंचा जहां उसने एस.पी. दिवाकर शर्मा से स्वयं मिलकर शिकायत की। शिकायत आने के बाद एस.पी. ने जांच के निर्देश दिए और सी.सी.टी.वी. फुटेज खंगाले गए। फुटेज में होमगार्ड जवान पर लगाए आरोप झूठे साबित हुए जिसके बाद शिकायतकर्ता वहां से चले गए। होमगार्ड जवान को तन्मयता से ड्यूटी निभाते देख एस.पी. दिवाकर शर्मा ने न केवल उसे 500 रुपए नगद इनाम दिया बल्कि प्रशस्तिपत्र भी भेंट किया। एस.पी. दिवाकर शर्मा के इस कदम की न केवल होमगार्डज जवानों में तारीफ हो रही है बल्कि पुलिस विभाग के कर्मचारियों में भी उनकी काफी प्रशंसा हो रही है।

जानकारी के अनुसार एक फौजी व्यक्ति अपनी कार में परिवार के साथ रैड लाइट चौक से गुजरने लगा। इसी दौरान रैड लाइट होने पर होमगार्ड जवान नरेश कुमार ने उसको रूकने का इशारा किया जिसके बाद दोनों पक्षों में तनातनी हो गई। विवाद बढ़ा और फौजी शिकायत लेकर एस.पी. के पास जा पहुंचा। एस.पी. ने शिकायत मिलते ही कंट्रोल रूम में सी.सी.टी.वी फुटेज खंगालने के निर्देश दिए और होमगार्ड जवान तो भी कार्यालय में तलब किया गया। दिवाकर शर्मा ने स्वयं फुटेज चैक की जिसमें होमगार्ड जवान अपनी ड्यूटी सही तरह से निभाता पाया गया जबकि कार चालक फौजी की गलती पाई गई। इसके बाद एस.पी. दिवाकर शर्मा ने जवान को सम्मानित करके उसकी हौसला अफजाई की।

एस.पी. दिवाकर शर्मा ने मैहतपुर चौकी का भी औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चौकी का कामकाज जांचा और स्टाफ की स्थिति जांची। एस.पी. ने बेहतरीन कार्य करने पर एक पुरुष और एक महिला कर्मी को भी प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया। इससे 3 माह पहले इसी चौकी के 3 पुलिस कर्मी अपने बेतहरीन कार्य के लिए एस.पी. दिवाकर शर्मा से पहले ही सम्मान हासिल कर चुके हैं। एस.पी. दिवाकर शर्मा ने माना कि उनके पास शिकायत आई थी और जवान पर लगे आरोप झूठे पाए गए। जवान अपनी ड्यूटी सही तरह से निभाता पाया गया जिसके चलते उसको सम्मानित किया गया है। आरोप सही पाए जाते तो निसंदेह उसके खिलाफ कार्यवाही को अमल में लाया जाता।

kirti