भगवान रघुनाथ की नगरी कुल्लू में छोटी होली पर जमकर उड़ा गुलाल

Saturday, Mar 23, 2024 - 06:35 PM (IST)

कुल्ल (दिलीप): भगवान रघुनाथ की नगरी कुल्लू में होली उत्सव 2 दिन पहले ही मनाया जाता है। यहां पर शनिवार को छोटी होली वैरागी महंतों की टोलियों ने शहर में ढोल-नगाड़ों के साथ धूमधाम से मनाई और एक-दूसरे पर जमकर गुलाल उड़ाया। छोटी होली को समुदाय के लोग कुल्लू शहर में देवता ध्रुव ऋषि के झंडे के साथ शहर में लोगों के घर-घर जाकर होली खेलते हैं। इसके बाद सबसे पहले वैरागी समुदाय के लोगों के साथ गुलाल उड़ाकर होली मनाई जाती है। इसके बाद पूरे ढालपुर व कुल्लू का चक्कर लगाया जाता है और सभी को घर-घर में दस्तक देकर होली की बधाई दी जाती है और नाचते-गाते मंदिर पहुंचते हैं। वहीं शाम को रघुनाथपुर में जाकर छोटी होली समाप्त हो जाती है। रविवार को सुबह एक बार फिर उसी क्रम में पूरे शहर में होली खेली जाएगी। 

रविवार रात को मंदिर से निकलेगी रघुनाथ की जलेब : महेश्वर सिंह
भगवान रघुनाथ जी के छड़ीबरदार महेश्वर सिंह ने कहा कि होलाष्टक के दिन इस दौरान फाग खड़ी की जाती है। भगवान व यहां के लोगों के लिए शुभ दिन देखा जाता है और कभी भी 7 दिन में फाग को खड़ा करना आवश्यक होता है। उन्होंने कहा कि आज छोटी होली रघुनाथ की नगरी में मनाई जा रही है आज का मुहूर्त ही था जो फाग को खड़ा करना, ऐसे में शनिवार को ही इसे खड़ा किया गया। उन्होंने कहा कि रविवार को होली का दहन होगा और रघुनाथ की सवारी रात को मंदिर से निकलेगी जिसका मुहूर्त 11ः30 का है, फिर उस दौरान फाग का दहन होगा। उन्होंने कहा कि रघुनाथ फिर वैरागी समुदाय के साथ रात को होली खेलेंगे। स्थानीय निवासी प्रदीप ने बताया कि पूरे भारतवर्ष में होली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। कुल्लू में वृंदावन की तर्ज पर होली का पर्व मनाया जाता है तथा वृंदावन की तर्ज पर होली का गायन भी किया जाता है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay