Hit & Run : हमीरपुर में बेकाबू कार ने सड‍़क किनारे खड़े 2 युवक रौंदे, भाजयुमो नेता की मौत

Monday, Aug 22, 2022 - 05:47 PM (IST)

हमीरपुर (राजीव) : हमीरपुर बाईपास पर तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े 2 युवकों को रौंद दिया। एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरे को गंभीर हालत में पीजीआई चंडीगढ़ रैफर किया गया है। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार है। पुलिस उसकी धड़पकड़ में लगी हुई है। हादसे में जिला भाजयुमो उपाध्यक्ष सुनील शर्मा की मौत हुई है जबकि अनुराग पटियाल गंभीर रूप से घायल है। पुलिस से मिली जानकारी अनुसार बीती रात सुनील शर्मा व अनुराग पटियाल बाईपास रोड पर बसंत रिजार्ट के समीप सड‍़क पर खड़े थे। इस दौरान तेज रफ्तार कार ने दोनों युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। इसका खुलासा सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में हुआ है। मौके पर पहुंचे लोगों ने दोनों युवकों को हमीरपुर मैडीकल कॉलेज पहुंचाया। सुनील शर्मा को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि अनुराग पटियाल की गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रैफर कर दिया।
5 महीने पहले हुई थी भाजयुमो उपाध्यक्ष सुनील की शादी 
हादसे का शिकार बने सुनील शर्मा डिडवीं टिक्कर के निवासी थे और इसी साल फरवरी माह में उनकी शादी हुई थी। वहीं, घायल अनुराग पटियाल दोसड़का (हमीरपुर) का निवासी है। पुलिस ने प्रारंभिक छानबीन में एक वाहन को शक के आधार पर ट्रेस किया है। पुलिस अधीक्षक डा. आकृति शर्मा ने बताया कि पुलिस हादसे की छानबीन कर रही है। घटना को अंजाम देने वाले वाहन चालक की धड़पकड़ की जा रही है। 

Content Writer

Kuldeep