Hit & Run: नगरोटा की सड़क पर चालक ने दाैड़ाया ''मौत'' का वाहन, दुकानदार को रौंदकर हुआ फरार

punjabkesari.in Tuesday, Oct 14, 2025 - 05:05 PM (IST)

नगरोटा बगवां (बिशन): नगरोटा बगवां बाजार में एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सड़क पार कर रहे एक स्थानीय दुकानदार को जोरदार टक्कर मार दी, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यह घटना बीती रात पेश आई है। मृतक की पहचान वार्ड नंबर-2 निवासी महिंद्र कुमार पुत्र जोंडा राम के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार महिंद्र कुमार बाजार में हनुमान मंदिर के सामने स्कूल बैग बनाने की दुकान चलाता था। रात को दुकान बंद करने के बाद जब वह घर जाने के लिए सड़क पार कर रहा था, तभी एक तेज रफ्तार वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिंद्र कुमा गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।

स्थानीय लोगों ने उसे तुरंत नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गंभीर हालत को देखते हुए उसे टांडा मेडिकल कॉलेज रैफर कर दिया। टांडा में इलाज के दौरान जख्मों का ताव न सहते हुए महिंद्र कुमार ने दम तोड़ दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर मारने वाला वाहन छोटा हाथी था, जो तेज गति में था। अंधेरा होने के कारण कोई भी उसका नंबर नोट नहीं कर सका। घटना की सूचना मिलते ही नगरोटा बगवां पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी नवनीत सैणी ने बताया कि फरार वाहन का पता लगाने के लिए आसपास और हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने शव काे पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है और अज्ञात वाहन चालक की तलाश तेज कर दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay