रिया अबरोल ने उकेरी चम्बा की लोक संस्कृति व मिंजर मेला

Monday, Jul 15, 2019 - 11:25 PM (IST)

चम्बा (विनोद): ऐतिहासिक मिंजर मेले को यादगार बनाने के साथ-साथ इसके साथ अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता को सुनिश्चित बनाने के लिए जिला प्रशासन इस बार कई नए प्रयासों को अंजाम दे रहा है। इसी के चलते मिंजर मेला चित्रकला/रेखाचित्रण प्रतियोगिता का आयोजन विगत दिनों किया गया। प्रशासन व मिंजर मेला आयोजन समिति ने इस प्रतियोगिता के तहत सबसे बेहतरीन प्रस्तुति रिया अबरोल की चुनी। रिया अबरोल के नाम की घोषणा डी.सी. चम्बा विवेक भाटिया ने सोशल मीडिया के माध्यम से की।

चित्रण में दर्शाया मंदिरों का समूह व मिंजर मेले की शोभायात्रा

डी.सी. चम्बा ने बताया कि इस चित्रण में जहां ऐतिहासिक लक्ष्मीनाथ मंदिर परिसर में मौजूद मंदिरों के समूह को बेहतरीन ढंग से दर्शाया गया है तो वहीं चम्बा की समृद्ध एवं ऐतिहासिक लोक संस्कृति के लिए महिला व पुरुष को पारंपरिक वेशभूषा में दर्शाया गया है। यही नहीं, इसमें मिंजर मेले की शोभायात्रा को भी दर्शाया गया है। डी.सी. चम्बा ने कहा कि चम्बा की इस बेटी ने बेहतरीन ढंग से चम्बा की लोक संस्कृति व यहां की ऐतिहासिक धरोहरों को रेखांकित किया है।

मिंजर मेला आयोजन कमेटी करेगी पुरस्कृत

उन्होंने कहा कि रिया अबरोल को इसकी इस उत्कृष्ट प्रस्तुति के लिए मिंजर मेला आयोजन कमेटी द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा। गौरतलब है कि रिया अबरोल पुत्री सुरिंद्र अबरोल मोहल्ला चौगान की रहने वाली है। अबरोल ने चंडीगढ़ के एक फाइन आर्ट कालेज से डिप्लोमा किया हुआ है। पिछले दिनों भूरि सिंह संग्रहालय में उसके चित्रों की प्रदर्शनी भी लगाई गई थी। 

Vijay